आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोगों की लाइफस्टाइल तेजी से बदल रही है। घंटों बैठकर काम करना, गलत खानपान, एक्सरसाइज की कमी और बढ़ता वजन शरीर में कई बीमारियों को जन्म दे रहा है। इन्हीं समस्याओं में एक बीमारी तेजी से लोगों को परेशान कर रही है, जिसका नाम है प्लांटर फेशियाइटिस। यह समस्या पैरों के तलवों और एड़ी में तेज दर्द पैदा करती है। योग गुरु स्वामी रामदेव ने इस बीमारी से राहत पाने के लिए कुछ घरेलू उपाय और योग को बेहद असरदार बताया है।
प्लांटर फेशियाइटिस दरअसल पैरों के तलवे में मौजूद एक मोटे और लचीले टिश्यू में सूजन आने की स्थिति होती है। यह टिश्यू चलते समय शरीर का दबाव सहता है और शॉक एब्जॉर्बर की तरह काम करता है। जब इस हिस्से में ज्यादा तनाव या सूजन आ जाती है तो एड़ी और तलवों में असहनीय दर्द शुरू हो जाता है। यह दर्द खासकर सुबह उठते समय ज्यादा महसूस होता है।
विशेषज्ञों के अनुसार यह समस्या 40 से 70 साल की उम्र के लोगों में ज्यादा देखने को मिलती है। हालांकि आजकल कम उम्र के लोग भी इसकी चपेट में आ रहे हैं। हाई यूरिक एसिड, डायबिटीज, मोटापा, हाइपोथायराइड और फ्लैट फुट जैसी समस्याएं इसका बड़ा कारण मानी जाती हैं। लंबे समय तक एक ही जगह बैठकर काम करना और शारीरिक गतिविधि कम होना भी इस दर्द को बढ़ा सकता है। स्वामी रामदेव के मुताबिक नियमित योग और एक्सरसाइज से इस बीमारी में काफी राहत मिल सकती है। उन्होंने कहा कि रोजाना योग करने से शरीर में ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है और पैरों की नसों को मजबूती मिलती है। साथ ही वजन भी नियंत्रित रहता है, जिससे तलवों पर दबाव कम पड़ता है।
उन्होंने घरेलू उपायों में हल्दी वाला दूध पीने, गिलोय और तुलसी का काढ़ा लेने और पौष्टिक भोजन करने की सलाह दी। इसके अलावा मौसमी फल, बादाम और अखरोट जैसे ड्राई फ्रूट्स भी शरीर को ताकत देने में मदद करते हैं। स्वामी रामदेव ने लौकी का जूस, सूप और सब्जी को हार्ट और शरीर के लिए बेहद फायदेमंद बताया। थायराइड और किडनी की समस्या से जूझ रहे लोगों को नमक, चीनी और ज्यादा प्रोटीन से बचने की सलाह दी गई है। साथ ही सुबह खाली पेट एप्पल विनेगर पीने और रात में हल्दी वाला दूध लेने को भी फायदेमंद बताया गया है।
योग गुरु का कहना है कि रोजाना कम से कम 7 घंटे की नींद लेना और कुछ समय धूप में बैठना भी शरीर के लिए जरूरी है। इससे शरीर को विटामिन D मिलता है और हड्डियां मजबूत होती हैं। स्वामी रामदेव ने लोगों से अपील की कि वे अपनी लाइफस्टाइल में बदलाव लाएं और रोजाना योग को अपनाएं। सही खानपान और नियमित व्यायाम से प्लांटर फेशियाइटिस जैसी समस्याओं से बचा जा सकता है।