लखनऊ विकास प्राधिकरण ने शनिवार को राजधानी में अवैध निर्माण और प्लाटिंग के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-2 और जोन-5 की टीम ने कई स्थानों पर कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया।
प्रवर्तन जोन-5 की टीम ने इंदिरा नगर थाना क्षेत्र के ग्राम रसूलपुर सादात में करीब 35 बीघा जमीन पर की जा रही 6 अवैध प्लाटिंग पर बुलडोजर चलाया। कार्रवाई के दौरान महिपाल, राम गुलाम, जीतू यादव, रमेश कुमार, दहदीन, लवकुश समेत अन्य लोगों द्वारा बिना स्वीकृति कराई जा रही प्लाटिंग को हटाया गया।
वहीं प्रवर्तन जोन-2 की टीम ने मोहनलालगंज और गोसाईंगंज क्षेत्र में अवैध भवन निर्माण के खिलाफ कार्रवाई की। जोनल अधिकारी रवि नंदन सिंह के मुताबिक, मोहनलालगंज के खुजौली स्थित नगराम रोड पर करीब 200 वर्गमीटर क्षेत्र में अवैध निर्माण कराया जा रहा था। इसी तरह गोसाईंगंज के सोनई कजेहरा इलाके में लगभग 120 वर्गमीटर क्षेत्र में बिना मानचित्र स्वीकृति भवन बनाया जा रहा था। दोनों निर्माणों को एलडीए टीम ने ध्वस्त कर दिया।
एलडीए अधिकारियों ने कहा कि बिना मानचित्र स्वीकृति और नियमों के विपरीत किए जा रहे निर्माणों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।