लखनऊ विकास प्राधिकरण की ओटीएस-2026 योजना लोगों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है। योजना के तहत चक्रवृद्धि और दंड ब्याज में छूट मिलने से कई आवंटियों की वर्षों पुरानी देनदारी काफी कम हो गई है। शनिवार को एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने पारिजात सभागार में सफल आवेदकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
सीतापुर रोड योजना के आवंटी शिव प्रताप सिंह को इस योजना से सबसे बड़ी राहत मिली। समय पर भुगतान न कर पाने के कारण उनकी बकाया राशि बढ़कर करीब 2.36 करोड़ रुपये हो गई थी। लेकिन ओटीएस-2026 योजना में आवेदन करने के बाद नई गणना में उन्हें लगभग 37 लाख रुपये की ब्याज छूट मिली। परिवार ने इस पहल के लिए शासन और एलडीए टीम का आभार जताया।
एलडीए के अनुसार अब तक 573 आवंटियों ने ओटीएस योजना के तहत आवेदन किया है। इनके लिए कुल 31.18 करोड़ रुपये की डिमांड ब्याज माफी के साथ तैयार की गई है। वित्त नियंत्रक दीपक सिंह ने बताया कि यह योजना 18 अप्रैल से शुरू होकर 17 जुलाई 2026 तक चलेगी। आवंटियों की सुविधा के लिए एलडीए भवन में विशेष हेल्प डेस्क और अलग-अलग योजनाओं में कैंप भी लगाए जा रहे हैं।
योजना के तहत गोमती नगर निवासी मंजू सोनी को करीब 67 हजार रुपये की राहत मिली, जबकि बसंतकुंज योजना की आवंटी चेतना को 58 हजार रुपये की छूट प्राप्त हुई। कानपुर रोड योजना के आवंटी श्री प्रकाश को भी लगभग 90 हजार रुपये की ब्याज माफी मिली है।
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने कहा कि ओटीएस योजना का उद्देश्य आवंटियों को राहत देना है, ताकि वे शेष धनराशि जमा कर अपनी संपत्ति का स्वामित्व आसानी से प्राप्त कर सकें।