उत्तराखंड के टिहरी जिले में अचानक हुई तेज बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। धनोल्टी क्षेत्र के बिलौंदी पुल बाजार में भारी बारिश के साथ आए पानी और मलबे ने कई दुकानों और घरों को नुकसान पहुंचाया। अलगाड़ नदी का जलस्तर बढ़ने से बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, नौघर गांव स्थित बिलौंदी पुल बाजार में दोपहर के समय तेज बारिश शुरू हुई, जिसके बाद नदी और नालों का पानी मलबे के साथ बाजार में घुस गया। इस दौरान करीब 10 दुकानें और कुछ घर प्रभावित हुए। कई जगहों पर पानी भर गया और लोगों को सुरक्षित स्थानों की ओर जाना पड़ा।
बारिश के कारण नगुण-भवान-देहरादून स्टेट हाईवे पर भी भारी मलबा आ गया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। इसी दौरान उत्तरकाशी से देहरादून जा रहे कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी और धनोल्टी विधायक प्रीतम सिंह पंवार की गाड़ियां भी रास्ते में फंस गईं। बताया गया कि दोनों करीब एक घंटे तक हाईवे पर रुके रहे।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। राजस्व उपनिरीक्षक अंबुज चौधरी और उपजिलाधिकारी नीलू चावला की निगरानी में जेसीबी मशीनों से मलबा हटाने का काम शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद मार्ग को दोबारा खोल दिया गया और यातायात बहाल कराया गया।
प्रशासन अब प्रभावित दुकानों और घरों का सर्वे कर रहा है। राहत और सहायता के लिए सूची तैयार की जा रही है। वहीं स्थानीय लोगों से अपील की गई है कि खराब मौसम के दौरान नदी और नालों के आसपास जाने से बचें और प्रशासन की चेतावनियों का पालन करें।