विनेश फोगाट और WFI विवाद पर बोले बृज भूषण सिंह, कहा- ‘मैं उस गड़बड़ी को ठीक कर रहा हूं’

उत्तर प्रदेश टॉप -न्यूज़ न्यूज़ राष्ट्रीय

महिला पहलवान विनेश फोगाट और भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के बीच एक बार फिर विवाद बढ़ता नजर आ रहा है। इस मामले में अब WFI के पूर्व अध्यक्ष बृज भूषण शरण सिंह का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि वह अभी उस गड़बड़ी को ठीक करने में लगे हैं, जो विनेश फोगाट पीछे छोड़ गई हैं। हालांकि उन्होंने यह भी साफ किया कि अब यह मामला मौजूदा WFI के अधिकार क्षेत्र में आता है।

बृज भूषण शरण सिंह ने कहा कि अब यह तय करना मौजूदा कुश्ती महासंघ का काम है कि कौन खिलाड़ी मुकाबले में हिस्सा लेगा और कौन नहीं। उन्होंने कहा कि अपने लंबे अनुभव के आधार पर वह इतना जरूर कह सकते हैं कि WFI कभी भी किसी खिलाड़ी को बिना वजह प्रतियोगिता में हिस्सा लेने से नहीं रोकता। अगर किसी खिलाड़ी को रोका गया है, तो उसके पीछे जरूर कोई कारण होगा और वह कारण खिलाड़ी को बताया भी गया होगा।

दरअसल, हाल ही में गोंडा में आयोजित नेशनल ओपन रैंकिंग कुश्ती टूर्नामेंट को लेकर विवाद शुरू हुआ। विनेश फोगाट ने आरोप लगाया कि उन्हें जानबूझकर प्रतियोगिता से दूर रखने की कोशिश की जा रही है। उनका कहना है कि बार-बार नोटिस और प्रक्रियाओं के जरिए उन्हें मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा है।

वहीं भारतीय कुश्ती महासंघ ने विनेश फोगाट को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। महासंघ का कहना है कि संन्यास से वापसी के बाद जरूरी नियमों और नोटिस अवधि का पालन नहीं किया गया। इसी वजह से उन्हें जून 2026 तक घरेलू प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के लिए अयोग्य माना गया है।

दूसरी तरफ विनेश फोगाट ने कहा कि उन्होंने सभी नियमों का पालन किया है और पहले मिले नोटिस का जवाब भी दे दिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें कुश्ती से दूर करने की कोशिश की जा रही है। विनेश ने कहा कि अगर उन्हें खेलने नहीं देना है तो सीधे तौर पर साफ बता दिया जाए। इस विवाद के बाद कुश्ती जगत में एक बार फिर बहस तेज हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *