उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने डॉक्टरों को बड़ा संदेश देते हुए कहा है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कितनी भी आधुनिक क्यों न हो जाए, लेकिन वह मरीज के पास खड़े डॉक्टर की नैतिक जिम्मेदारी और मानवीय संवेदना की जगह नहीं ले सकती। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों के कुछ अच्छे और विनम्र शब्द कई बार दवा से भी ज्यादा असर करते हैं।
दिल्ली एम्स के 51वें दीक्षांत समारोह में बोलते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि आज AI तकनीक तेजी से आगे बढ़ रही है और चिकित्सा क्षेत्र में भी इसका इस्तेमाल बढ़ रहा है। लेकिन मरीज के दर्द को समझने और उसे मानसिक सहारा देने का काम केवल एक डॉक्टर ही कर सकता है। उन्होंने डॉक्टरों से अपील की कि वे मरीजों के प्रति हमेशा धैर्य और संवेदनशीलता बनाए रखें।
उन्होंने कहा कि कई बार मरीज डर या परेशानी में ऐसे सवाल पूछ लेते हैं जो डॉक्टरों को बेतुके लग सकते हैं, लेकिन डॉक्टरों को नाराज होने की बजाय उन्हें प्यार और धैर्य से समझाना चाहिए। जब मरीज को सही जानकारी और भरोसा मिलता है, तो उसका आत्मविश्वास भी बढ़ता है और इलाज का असर बेहतर होता है।
उपराष्ट्रपति ने मेडिकल छात्रों और डॉक्टरों से यह भी कहा कि अगर उन्हें विदेश में पढ़ाई या काम करने का मौका मिले तो जरूर जाएं, लेकिन अपने देश और यहां के लोगों की सेवा के लिए वापस लौटें। उन्होंने कहा कि भारत को अच्छे डॉक्टरों और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की जरूरत है।
उन्होंने केंद्र सरकार की भी सराहना की और कहा कि देश के अलग-अलग राज्यों में नए मेडिकल और नर्सिंग कॉलेज खोले जा रहे हैं। इससे दूर-दराज के इलाकों में रहने वाले लोगों को भी अच्छी स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं और इलाज के लिए बड़े शहरों पर निर्भरता कम हो रही है। इस कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा भी मौजूद रहे।