अगर आप बाहर जाकर रेस्टोरेंट या फास्ट फूड खाना पसंद करते हैं, तो उत्तर प्रदेश में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) की हालिया कार्रवाई से जुड़ी यह खबर अहम है। ‘शुद्ध ही शुभ है’ अभियान के तहत विभाग की टीमों ने कानपुर, आगरा, गाजियाबाद, प्रयागराज और वाराणसी में कई खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। विभागीय जांच के दौरान अलग-अलग जगहों पर साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों के रखरखाव और एक्सपायर्ड सामान से जुड़ी कई खामियां सामने आने की बात कही गई है।
कार्रवाई के दौरान 7 प्रमुख यूनिट्स के खाद्य लाइसेंस निलंबित करने की संस्तुति की गई है। अधिकारियों ने खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर संबंधित प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की है।
कानपुर के टुंडे कबाबी में कच्चे मांस के रखरखाव पर सवाल
कानपुर में मशहूर टुंडे कबाबी के आउटलेट के निरीक्षण के दौरान खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में गंदगी मिलने की बात सामने आई। विभाग के मुताबिक, शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थों को अलग रखने की उचित व्यवस्था नहीं थी।
इसके अलावा कच्चे मांस के रखरखाव को लेकर भी लापरवाही सामने आने की जानकारी दी गई। आसपास की नालियां जाम होने और दुर्गंध की शिकायत भी निरीक्षण के दौरान दर्ज की गई।
वाराणसी के वॉव मोमोज में एक्सपायर्ड सामान जब्त
वाराणसी में वॉव मोमोज के सेंटर पर जांच के दौरान पैक्ड खाद्य पदार्थों की मैन्युफैक्चरिंग डेट से जुड़ी अनियमितता सामने आने की बात कही गई। विभाग के अनुसार, कुछ उत्पादों पर भविष्य की तारीख अंकित थी। इसके अलावा एक्सपायर्ड कोल्ड ड्रिंक्स और सॉस भी जब्त किए गए।
अधिकारियों ने खाद्य पदार्थों की पैकेजिंग और लेबलिंग से जुड़े नियमों के पालन पर भी जोर दिया।
आगरा के अमृतसरी कुलचा में मिलीं कई खामियां
आगरा के संजय पैलेस स्थित अमृतसरी कुलचा में निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों की पैकेजिंग और किचन की स्थिति को लेकर कई आपत्तियां दर्ज की गईं। विभाग के मुताबिक, खाना गंदे कागजों में पैक किया जा रहा था। परिसर में दीवारों की खराब स्थिति और एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री के इस्तेमाल की बात भी सामने आई।
विभाग ने स्थिति में सुधार होने तक प्रतिष्ठान का संचालन बंद रखने के निर्देश दिए।
गाजियाबाद में नाथूस और बीकानेरवाला की जांच
गाजियाबाद के राज नगर स्थित नाथूस के निरीक्षण में ड्रेनेज क्षेत्र में गंदगी, किचन में कीड़े और कॉकरोच तथा इस्तेमाल किए जा रहे तेल और खुले में रखे खाद्य पदार्थों को लेकर आपत्तियां दर्ज की गईं।
वहीं राजेंद्र नगर स्थित बीकानेरवाला में भी कीड़े-मकोड़ों की मौजूदगी, गंदा बर्तन धोने वाला क्षेत्र, चोक नाली और खुले कूड़ेदान मिलने की बात विभाग ने कही।
अन्य यूनिट्स पर भी कार्रवाई
जांच के दौरान एसी एंटरप्राइज के डीप फ्रीजर से मटन और चिकन का खून रिसने तथा फ्लॉको क्लॉक्ज में चिमनी और बर्तनों की सफाई संतोषजनक नहीं मिलने की जानकारी दी गई।
FSDA की इस कार्रवाई के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है। विभाग का कहना है कि खाद्य प्रतिष्ठानों को स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा के निर्धारित मानकों का पालन करना अनिवार्य है। उपभोक्ताओं से भी अपील की गई है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता या स्वच्छता को लेकर किसी तरह की गड़बड़ी दिखने पर संबंधित विभाग को शिकायत करें।