जैकलीन फर्नांडिस ने लिया यू-टर्न, मनी लॉन्ड्रिंग केस में सरकारी गवाह बनने से किया इनकार

टॉप -न्यूज़ न्यूज़ मनोरंजन राष्ट्रीय

बलीवुड अभिनेत्री Jacqueline Fernandez एक बार फिर 200 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग मामले को लेकर चर्चा में हैं। इस मामले में बड़ा मोड़ तब आया जब जैकलीन ने सरकारी गवाह बनने के लिए दी गई अपनी अर्जी वापस ले ली। इस केस में कथित ठग Sukesh Chandrashekhar भी आरोपी है।

मंगलवार को जैकलीन के वकील ने कोर्ट में इसकी पुष्टि की। उन्होंने स्पेशल जज प्रशांत शर्मा की अदालत में दायर अपनी याचिका वापस ले ली। इससे पहले सोमवार को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने उनकी अर्जी का विरोध किया था। ED का कहना था कि जैकलीन को सुकेश चंद्रशेखर के आपराधिक मामलों की जानकारी थी, इसके बावजूद वह लगातार उसके संपर्क में बनी रहीं।

ED ने अदालत में कहा कि सुकेश चंद्रशेखर ने मनी लॉन्ड्रिंग से कमाए गए पैसों से जैकलीन को कई महंगे गिफ्ट दिए। एजेंसी के अनुसार, दोनों के बीच लगातार बातचीत होती रही और अभिनेत्री ने कई तरह के महंगे तोहफे भी स्वीकार किए। ED का दावा है कि इससे यह साबित होता है कि जैकलीन पूरी तरह अनजान नहीं थीं।

दरअसल, सुकेश चंद्रशेखर पर आरोप है कि उसने खुद को प्रधानमंत्री कार्यालय और गृह मंत्रालय से जुड़ा बड़ा अधिकारी बताकर कारोबारी अदिति सिंह से करीब 200 करोड़ रुपये की ठगी की। जांच के दौरान सामने आया कि सुकेश ने कई बॉलीवुड हस्तियों से भी संपर्क बनाए थे। इसी दौरान जैकलीन फर्नांडिस का नाम भी इस मामले में जुड़ा।

शुरुआत में दिसंबर 2021 में दर्ज शिकायत में जैकलीन का नाम शामिल नहीं था। लेकिन बाद में 17 अगस्त 2022 को ED ने सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल की, जिसमें अभिनेत्री को भी आरोपी बनाया गया। उन पर आरोप है कि उन्होंने सुकेश से महंगे गिफ्ट और अन्य सुविधाएं ली थीं।

अब जैकलीन द्वारा सरकारी गवाह बनने की अर्जी वापस लेने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। आने वाले दिनों में इस केस की सुनवाई और जांच पर सभी की नजर बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *