आतंकी खतरे के इनपुट के बाद राजधानी में बढ़ाई गई सुरक्षा

टॉप -न्यूज़ न्यूज़ राष्ट्रीय

राजधानी दिल्ली में आतंकी खतरे की आशंका को लेकर सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। खुफिया एजेंसियों से मिले इनपुट के बाद दिल्ली पुलिस ने कई संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। रिपोर्ट के अनुसार, सरकारी इमारतों, राजनीतिक कार्यालयों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली के दीन दयाल उपाध्याय मार्ग स्थित भाजपा मुख्यालय और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। यहां बैरिकेडिंग की गई है और वाहनों की गहन जांच की जा रही है। पुलिस लगातार संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है।

खुफिया रिपोर्ट में आशंका जताई गई है कि आतंकवादी भीड़भाड़ वाले इलाकों या महत्वपूर्ण सरकारी ठिकानों को निशाना बनाने की कोशिश कर सकते हैं। सुरक्षा एजेंसियों को आत्मघाती हमला, आईईडी विस्फोट, गोलीबारी और समन्वित हमलों को लेकर सतर्क रहने को कहा गया है।

इसी के चलते दिल्ली के रेलवे स्टेशन, बस अड्डे, बाजार, मेट्रो स्टेशन और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा जांच तेज कर दी गई है। बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और फायर सर्विस की टीमों को भी अलर्ट पर रखा गया है। कई इलाकों में एंटी-सबोटाज जांच अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों ने सभी थाना क्षेत्रों को निर्देश दिए हैं कि लावारिस सामान, संदिग्ध वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रखी जाए। इसके साथ ही संवेदनशील इलाकों में लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है। स्थानीय पुलिस टीमों को पहचान सत्यापन अभियान चलाने के भी निर्देश दिए गए हैं।

दिल्ली पुलिस और केंद्रीय एजेंसियां मिलकर पूरे हालात पर नजर रख रही हैं। वरिष्ठ अधिकारी लगातार सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर रहे हैं ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

आम नागरिकों से भी सतर्क रहने की अपील की गई है। पुलिस ने कहा है कि अगर कोई संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति दिखाई दे तो तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम या नजदीकी थाने को सूचना दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *