प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से ईंधन बचाने, वर्क फ्रॉम होम अपनाने और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की अपील की है। हैदराबाद में एक कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि वैश्विक आर्थिक संकट, सप्लाई चेन की दिक्कतों और अंतरराष्ट्रीय संघर्षों की वजह से दुनिया भर में महंगाई बढ़ रही है। ऐसे में भारत को मजबूत बनाए रखने के लिए हर नागरिक को जिम्मेदारी निभानी होगी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि लोग पेट्रोल और डीजल की खपत कम करें। उन्होंने मेट्रो, बस और अन्य पब्लिक ट्रांसपोर्ट का ज्यादा इस्तेमाल करने की सलाह दी। साथ ही कार पूलिंग और इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने की बात भी कही।
पीएम मोदी ने कोविड काल के दौरान अपनाए गए उपायों को फिर से लागू करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि जहां संभव हो, वहां वर्क फ्रॉम होम, ऑनलाइन मीटिंग और वर्चुअल कॉन्फ्रेंस को प्राथमिकता दी जाए ताकि ईंधन की बचत हो सके।
प्रधानमंत्री ने गैर-जरूरी विदेश यात्राओं और विदेश में छुट्टियां मनाने से बचने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि लोग घरेलू पर्यटन को बढ़ावा दें और भारत में ही शादी तथा अन्य कार्यक्रम आयोजित करें। इसके अलावा उन्होंने एक साल तक गैर-जरूरी सोना खरीदने से बचने की सलाह दी ताकि विदेशी मुद्रा पर दबाव कम हो सके।
पीएम मोदी ने ‘मेड इन इंडिया’ उत्पादों को अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि स्थानीय स्तर पर बने सामान को प्राथमिकता देने से देश के छोटे उद्योगों को फायदा मिलेगा। उन्होंने खाने के तेल का कम इस्तेमाल करने की भी सलाह दी ताकि स्वास्थ्य और अर्थव्यवस्था दोनों को लाभ मिल सके।
किसानों के लिए प्रधानमंत्री ने कहा कि केमिकल फर्टिलाइजर का उपयोग 50 प्रतिशत तक कम किया जाए और नेचुरल फार्मिंग अपनाई जाए। उन्होंने खेती में डीजल पंप की जगह सोलर पावर से चलने वाले सिंचाई पंपों को बढ़ावा देने की बात भी कही।
प्रधानमंत्री ने कहा कि अगर देश का हर नागरिक छोटी-छोटी जिम्मेदारियां निभाए, तो भारत आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से मजबूत बन सकता है।