मऊ-बलिया फोरलेन परियोजना को मिली मंजूरी, पूर्वांचल के विकास को मिलेगी नई रफ्तार

अंतर्राष्ट्रीय टॉप -न्यूज़ न्यूज़

लखनऊ। पूर्वांचल के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। मऊ-बलिया राष्ट्रीय राजमार्ग-128बी के 55.57 किलोमीटर लंबे हिस्से के चौड़ीकरण और फोरलेन निर्माण को मंजूरी मिल गई है। इस परियोजना को क्षेत्र के विकास के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा के लगातार प्रयासों के बाद इस परियोजना को स्वीकृति मिली है।

परियोजना को जल्द शुरू कराने के लिए मंत्री ए.के. शर्मा ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अध्यक्ष को पत्र लिखकर टेंडर प्रक्रिया में तेजी लाने और निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से इस सड़क के चौड़ीकरण की मांग कर रही थी।

मंत्री ने बताया कि मऊ-बलिया फोरलेन सड़क बनने से यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार होगा। लोगों को सफर के दौरान कम समय लगेगा और सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आने की उम्मीद है। इसके अलावा इस मार्ग पर कई रेलवे ओवरब्रिज भी बनाए जाएंगे, जिससे जाम और आवागमन की समस्याओं से राहत मिलेगी।

उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल सड़क निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। बेहतर सड़क संपर्क से व्यापार को बढ़ावा मिलेगा, निवेश के अवसर बढ़ेंगे और किसानों, व्यापारियों, विद्यार्थियों तथा आम लोगों को सीधा लाभ पहुंचेगा।

मंत्री ए.के. शर्मा ने विश्वास जताया कि परियोजना पूरी होने के बाद मऊ, बलिया और आसपास के जिलों में विकास की नई संभावनाएं पैदा होंगी। उन्होंने कहा कि यह फोरलेन मार्ग पूर्वांचल के लिए एक नए ग्रोथ कॉरिडोर के रूप में काम करेगा और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *