- PM मोदी को ‘आतंकवादी’ कहने पर चुनाव आयोग पहुंची पार्टी
कांग्रेस अध्यक्ष Mallikarjun Kharge द्वारा प्रधानमंत्री Narendra Modi को लेकर दिए गए विवादित बयान पर सियासी घमासान तेज हो गया है। भारतीय जनता पार्टी ने इस बयान को गंभीर बताते हुए चुनाव आयोग का रुख किया है और खरगे के खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है।
केंद्रीय मंत्री Kiren Rijiju ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के खिलाफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को “आतंकवादी” कहने वाले चौंकाने वाले और शर्मनाक बयान पर कड़ी शिकायत दर्ज कराई गई है। रिजिजू ने इसे न केवल अपमानजनक बल्कि लोकतांत्रिक संस्थाओं पर खतरनाक हमला बताया। उन्होंने कहा कि यह आदर्श आचार संहिता का स्पष्ट उल्लंघन है और इस पर तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए।
दरअसल, चेन्नई में एक कार्यक्रम के दौरान खरगे ने AIADMK और बीजेपी के संबंधों पर सवाल उठाते हुए कहा था, “ये लोग मोदी के साथ कैसे जुड़ सकते हैं? वो एक आतंकवादी हैं। वो समानता में विश्वास नहीं करते। उनकी पार्टी समानता और न्याय में विश्वास नहीं करती। उनके साथ जुड़ने का मतलब है कि वे लोकतंत्र को कमजोर कर रहे हैं।”
इस बयान के सामने आते ही बीजेपी ने तीखी प्रतिक्रिया दी। तमिलनाडु चुनाव प्रभारी और केंद्रीय मंत्री Piyush Goyal ने कहा कि उन्हें शर्म आती है कि कांग्रेस और DMK इतनी नीच राजनीति पर उतर आए हैं कि लोकतांत्रिक रूप से चुने गए प्रधानमंत्री को आतंकवादी कहा जा रहा है। उन्होंने Rahul Gandhi और M. K. Stalin से इस बयान पर माफी मांगने की मांग की।
पीयूष गोयल ने कहा कि यह केवल प्रधानमंत्री का नहीं, बल्कि उन 140 करोड़ भारतीयों का अपमान है जिन्होंने लोकतांत्रिक प्रक्रिया के जरिए सरकार चुनी है। उन्होंने कहा कि इस बयान से देश की जनता और विशेष रूप से तमिलनाडु के करोड़ों लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं।
विवाद बढ़ने के बाद खरगे ने सफाई देते हुए कहा कि उनके बयान का गलत अर्थ निकाला गया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार सीबीआई, ईडी और आयकर विभाग जैसी संस्थाओं का इस्तेमाल कर विपक्षी दलों और उम्मीदवारों को डराने का काम कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने कभी प्रधानमंत्री मोदी को आतंकवादी नहीं कहा, बल्कि सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाया था।