अमेरिका के राष्ट्रपति Donald Trump ने ईरान को लेकर एक बार फिर सख्त रुख अपनाते हुए नई धमकी दी है। ट्रंप ने साफ शब्दों में कहा है कि यदि ईरान ने अमेरिका द्वारा पेश की गई नई और पारदर्शी डील को स्वीकार नहीं किया, तो अमेरिका ईरान के पावर प्लांट और पुलों को तबाह कर देगा। उन्होंने यह बयान अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर पोस्ट के जरिए दिया।
ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका ने ईरान के सामने एक “निष्पक्ष और उचित” समझौता रखा है, लेकिन यदि तेहरान इसे मानने से इनकार करता है, तो अमेरिका अब नरम रुख नहीं अपनाएगा। उन्होंने लिखा, “NO MORE MR. NICE GUY” यानी अब और नरमी नहीं दिखाई जाएगी।
ट्रंप ने आरोप लगाया कि ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य में गोलीबारी कर संघर्षविराम समझौते का गंभीर उल्लंघन किया है। उनके अनुसार, ईरानी फायरिंग में एक फ्रांसीसी जहाज और ब्रिटेन के एक मालवाहक जहाज को निशाना बनाया गया। उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह अस्वीकार्य है और इससे क्षेत्रीय तनाव और बढ़ गया है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने बताया कि उनके प्रतिनिधि सोमवार को पाकिस्तान की राजधानी Islamabad जा रहे हैं, जहां इस मुद्दे पर वार्ता होगी। उन्होंने कहा कि बातचीत के जरिए समाधान निकालने की कोशिश की जा रही है, लेकिन अमेरिका अपनी सुरक्षा और हितों से कोई समझौता नहीं करेगा।
ट्रंप ने यह भी कहा कि ईरान द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने की घोषणा “अजीब” है, क्योंकि अमेरिकी नाकेबंदी के कारण वह पहले ही प्रभावी रूप से बंद है। उन्होंने दावा किया कि इस बंदी से अमेरिका को कोई नुकसान नहीं हो रहा, बल्कि सबसे ज्यादा आर्थिक नुकसान खुद ईरान को उठाना पड़ रहा है। ट्रंप के अनुसार, इस मार्ग के बंद होने से ईरान को प्रतिदिन करीब 50 करोड़ डॉलर का नुकसान हो रहा है।
उन्होंने कहा कि कई जहाज अब अमेरिका के टेक्सास, लुइसियाना और अलास्का की ओर तेल लोड करने के लिए बढ़ रहे हैं। ट्रंप ने ईरान की सैन्य ताकत पर निशाना साधते हुए कहा कि अब “ईरान की किलिंग मशीन” को खत्म करने का समय आ गया है।
ट्रंप के इस बयान के बाद अंतरराष्ट्रीय राजनीति में हलचल तेज हो गई है और पश्चिम एशिया में तनाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।