भारत बना टी20 वर्ल्ड कप 2026 का चैंपियन, न्यूजीलैंड को दी करारी शिकस्त

टॉप -न्यूज़ न्यूज़ राष्ट्रीय स्पोर्ट्स

टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर खिताब जीत लिया। इस जीत के साथ भारत ने लगातार दूसरी बार टी20 विश्व कप ट्रॉफी पर कब्जा जमाया और इतिहास रच दिया।

फाइनल मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए धमाकेदार शुरुआत की। टीम इंडिया ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 255 रन बनाए, जो टी20 फाइनल के लिए बेहद बड़ा स्कोर माना जा रहा है।

भारतीय बल्लेबाजों ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की। संजू सैमसन ने शानदार फॉर्म दिखाते हुए 46 गेंदों पर 89 रन की शानदार पारी खेली। उनकी इस पारी में कई शानदार चौके और छक्के देखने को मिले।

अभिषेक शर्मा ने भी बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 21 गेंदों में 52 रन बनाए। वहीं ईशान किशन ने 25 गेंदों पर 54 रन की तेज पारी खेलकर टीम के स्कोर को मजबूत बनाया।

हालांकि कप्तान सूर्यकुमार यादव इस मैच में ज्यादा देर तक क्रीज पर नहीं टिक सके और बिना खाता खोले ही आउट हो गए। हार्दिक पांड्या ने 13 गेंदों में 18 रन बनाए, जबकि तिलक वर्मा 8 रन बनाकर नाबाद रहे।

मैच के आखिरी ओवरों में शिवम दुबे ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए टीम का स्कोर और आगे बढ़ाया। उन्होंने सिर्फ 8 गेंदों में 26 रन बनाकर पारी को शानदार अंदाज में खत्म किया। आखिरी ओवर में भारत ने 24 रन जुटाए।

256 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी। पूरी टीम 19 ओवर में 159 रन पर सिमट गई।

इस तरह भारत ने 96 रनों की बड़ी जीत हासिल करते हुए एक बार फिर टी20 विश्व कप का खिताब अपने नाम कर लिया और दुनिया को अपनी ताकत का एहसास कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *