उत्तर प्रदेश के सीतापुर में पुलिस कार्रवाई के दौरान एक ऐसे संगठित गिरोह का खुलासा हुआ है, जो बेरोजगार युवाओं को नौकरी का लालच देकर उनके दस्तावेजों का दुरुपयोग कर रहा था। यह गिरोह फर्जी कंपनियों के जरिए GST सिस्टम में धोखाधड़ी कर करोड़ों रुपये का टैक्स घोटाला कर रहा था। पुलिस ने मुख्य आरोपी आशीष समेत चार लोगों को आगरा से गिरफ्तार किया है।
पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी सोशल मीडिया और लोकल संपर्कों के जरिए युवाओं तक पहुंचते थे। नौकरी दिलाने का भरोसा देकर उनसे पहचान पत्र और बैंक से जुड़े दस्तावेज ले लिए जाते थे। इसके बाद उन्हीं दस्तावेजों पर फर्जी फर्म रजिस्टर कर दी जाती थी और नकली व्यापार दिखाकर GST बिल तैयार किए जाते थे।
युद्ध का असर आसमान पर: यूरोप-अमेरिका रूट की फ्लाइट्स ज्यादा प्रभावित
इन कंपनियों के जरिए फर्जी इनवॉइस बनाकर टैक्स क्रेडिट क्लेम किया जाता था। जांच एजेंसियों के अनुसार, यह रैकेट बेहद तकनीकी तरीके से संचालित किया जा रहा था, जिससे शुरुआती स्तर पर इसकी पहचान करना मुश्किल था। पुलिस को आशंका है कि यह नेटवर्क कई राज्यों में सक्रिय हो सकता है।
कार्रवाई के दौरान बरामद मोबाइल फोन और सिम कार्ड से कई अहम डिजिटल सबूत मिले हैं, जिनके आधार पर आगे की जांच जारी है। पुलिस अब उन लोगों की भी पहचान कर रही है जिनके नाम पर फर्जी कंपनियां बनाई गईं।
प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध नौकरी ऑफर की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि साइबर और आर्थिक अपराधों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।