- उदयपुर में होगी रॉयल डेस्टिनेशन वेडिंग, 3 मार्च को हैदराबाद में ग्रैंड रिसेप्शन की तैयारी
दक्षिण भारतीय सिनेमा की सबसे चर्चित जोड़ी रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा की शादी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। लंबे समय से रिश्ते को लेकर चल रही अटकलों के बीच अब उनकी शादी की तारीख और समारोह से जुड़ी जानकारी सामने आने के बाद फैंस में उत्साह बढ़ गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह स्टार कपल 26 फरवरी 2026 को शादी के बंधन में बंध सकता है।
बताया जा रहा है कि शादी एक निजी समारोह में आयोजित होगी, जिसमें परिवार और करीबी दोस्त ही शामिल होंगे। हालांकि शादी की आधिकारिक लोकेशन सार्वजनिक नहीं की गई है, लेकिन फिल्मी गलियारों में चर्चा है कि राजस्थान के शाही शहर उदयपुर में भव्य डेस्टिनेशन वेडिंग की तैयारियां चल रही हैं। इस रॉयल वेडिंग को साल 2026 की सबसे बड़ी सेलिब्रिटी शादियों में से एक माना जा रहा है।
शादी के बाद कपल 3 मार्च को हैदराबाद में एक शानदार वेडिंग रिसेप्शन आयोजित करेगा। सामने आए निमंत्रण पत्र के अनुसार, रिसेप्शन शाम 7 बजे से शुरू होगा, जिसमें फिल्म इंडस्ट्री की कई बड़ी हस्तियों के शामिल होने की उम्मीद है। कहा जा रहा है कि यह जश्न उन लोगों के लिए रखा गया है, जिन्होंने दोनों सितारों के करियर और निजी सफर में उनका साथ दिया।
मैं गांधीवादी हूं, नेहरूवादी हूं लेकिन राहुलवादी नहीं’ — मणिशंकर अय्यर
दोनों के रिश्ते की चर्चा साल 2018 में फिल्म गीता गोविंदम के दौरान शुरू हुई थी, जहां उनकी ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री दर्शकों को बेहद पसंद आई। इसके बाद 2019 में रिलीज हुई फिल्म डियर कॉमरेड ने उनकी लोकप्रियता को और बढ़ा दिया। समय-समय पर एक जैसी लोकेशन से साझा की गई वेकेशन तस्वीरों और सार्वजनिक कार्यक्रमों में उनकी करीबी ने फैंस के बीच उनके रिश्ते को लेकर चर्चाओं को और मजबूत किया।
खबरों के अनुसार, पिछले साल अक्टूबर में हैदराबाद में दोनों की निजी सगाई भी हुई थी, हालांकि कपल ने आधिकारिक रूप से इसकी पुष्टि नहीं की। हाल ही में एक इवेंट के दौरान वायरल हुए वीडियो में विजय द्वारा रश्मिका का हाथ चूमते हुए देखा गया, जिसने सोशल मीडिया पर फैंस के बीच खुशी की लहर दौड़ा दी।
प्रोफेशनल फ्रंट पर दोनों सितारे अपने करियर के शिखर पर हैं। विजय देवरकोंडा फिल्म अर्जुन रेड्डी से राष्ट्रीय पहचान बना चुके हैं, वहीं रश्मिका मंदाना पुष्पा में ‘श्रीवल्ली’ के किरदार से ग्लोबल स्टार बन चुकी हैं। अब फैंस उनकी रियल लाइफ लव स्टोरी की आधिकारिक शुरुआत का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।