25-26 फरवरी को इजरायल दौरे पर जाएंगे पीएम मोदी

अंतर्राष्ट्रीय टॉप -न्यूज़ न्यूज़ राजनीती
  • भारत-इजरायल संबंधों को मिलेगी नई मजबूती, रक्षा, तकनीक और रणनीतिक सहयोग पर होगी अहम चर्चा

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने घोषणा की है कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 से 26 फरवरी तक दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर इजरायल जाएंगे। यह दौरा प्रधानमंत्री मोदी के तीसरे कार्यकाल का पहला इजरायल दौरा होगा और इसे दोनों देशों के रिश्तों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

यरूशलेम में प्रमुख अमेरिकी यहूदी संगठनों के अध्यक्षों के सम्मेलन को संबोधित करते हुए नेतन्याहू ने इस यात्रा की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इजरायली संसद में प्रधानमंत्री मोदी के संबोधन की तैयारी चल रही है और दोनों देशों के बीच व्यापक सहयोग को आगे बढ़ाने पर चर्चा होगी। नेतन्याहू ने भारत को एक शक्तिशाली और प्रभावशाली देश बताते हुए कहा कि भारत और इजरायल के बीच “जबरदस्त साझेदारी” मौजूद है।

विशेषज्ञों का मानना है कि इस यात्रा के दौरान रक्षा, साइबर सुरक्षा, कृषि, तकनीक और निवेश जैसे क्षेत्रों में सहयोग को नई दिशा मिल सकती है। साथ ही पश्चिम एशिया की बदलती सुरक्षा स्थिति और वैश्विक भू-राजनीतिक मुद्दों पर भी दोनों नेताओं के बीच विस्तार से चर्चा होने की संभावना है।

38 देशों के साथ अपनी शर्तों पर ट्रेड समझौते’ — पीएम मोदी ने बताया कैसे बनी डील

प्रधानमंत्री मोदी ने इससे पहले वर्ष 2017 में इजरायल का ऐतिहासिक दौरा किया था, जो दोनों देशों के कूटनीतिक संबंधों के 25 वर्ष पूरे होने का प्रतीक बना था। उस यात्रा के दौरान दोनों देशों ने रक्षा सहयोग, आतंकवाद के खिलाफ साझेदारी और तकनीकी विकास से जुड़े कई समझौतों पर काम आगे बढ़ाया था।

हाल के वर्षों में भारत और इजरायल के बीच आर्थिक और निवेश संबंध भी मजबूत हुए हैं। सितंबर में इजरायल के वित्त मंत्री बेज़लेल स्मोट्रिच की भारत यात्रा के दौरान द्विपक्षीय निवेश संधि (BIT) पर हस्ताक्षर हुए थे। वहीं, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल की इजरायल यात्रा के दौरान मुक्त व्यापार समझौते (FTA) से जुड़े अहम दस्तावेजों पर भी सहमति बनी थी।

भारत और इजरायल के रिश्ते लंबे समय से रणनीतिक साझेदारी और आपसी विश्वास पर आधारित रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी और नेतन्याहू के व्यक्तिगत संबंधों को भी इस साझेदारी की मजबूती का महत्वपूर्ण कारक माना जाता है। अब इस दौरे से दोनों देशों के बीच नए समझौतों और सहयोग की संभावनाओं पर दुनिया की नजरें टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *