प्रयागराज में माघ मेले के द्वितीय स्नान पर्व मकर संक्रांति पर इस साल भी श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह 10 बजे तक संगम में करीब 36 लाख लोगों ने आस्था की डुबकी लगाई। मेला प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था के लिए सीसीटीवी और एआई मॉनिटरिंग सिस्टम का इस्तेमाल किया।
इस अवसर पर 24 स्नान घाटों पर विशेष इंतजाम किए गए हैं। सुबह 8 बजे तक 21 लाख श्रद्धालुओं ने स्नान किया था और दिन भर का शुभ मुहूर्त देखते हुए शाम तक यह संख्या एक करोड़ तक पहुंचने का अनुमान है। प्रशासन ने दो से ढाई करोड़ श्रद्धालुओं के आने का अनुमान जताया है।
सुरक्षा और व्यवस्था के लिए अपर पुलिस महानिदेशक ज्योति नारायण, पुलिस महानिरीक्षक अजय मिश्र, पुलिस कमिश्नर जोगेन्द्र कुमार और जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा लगातार मेला क्षेत्र में मौजूद हैं। वरिष्ठ अधिकारियों ने घाटों पर सतत निगरानी और दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया।