KGMU विवाद पर सरकार सख्त

उत्तर प्रदेश टॉप -न्यूज़ न्यूज़ प्रदेश लखनऊ न्यूज़
  • लव जिहाद और यौन शोषण मामले की जांच STF को, कुलपति ने CM योगी से की मुलाकात

किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) से जुड़ा लव जिहाद, यौन शोषण और मतांतरण का मामला अब राज्य स्तर पर गंभीर चिंता का विषय बन गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर इस पूरे प्रकरण की जांच स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को सौंप दी गई है। इस फैसले के साथ ही विश्वविद्यालय की आंतरिक जांच प्रक्रिया को समाप्त कर दिया गया है।

विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा गठित फैक्ट फाइंडिंग कमेटी ने अब तक की जांच में सामने आए तथ्यों को कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंद के सामने रखा और निष्पक्ष जांच के लिए STF को जिम्मेदारी देने की सिफारिश की। इसके बाद शासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जांच एजेंसी बदलने का निर्णय लिया।

इस मामले में महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव के बयान ने जांच को नई दिशा दी। उन्होंने पैथोलॉजी विभाग के कुछ वरिष्ठ अधिकारियों पर पीड़ित रेजिडेंट डॉक्टर को मानसिक दबाव में लेने का आरोप लगाया था। ऐसे में STF अब यह भी जांचेगी कि आरोपी डॉक्टर रमीजुद्दीन नायक को किन-किन लोगों का संरक्षण मिला।

यौन शोषण से जुड़े आरोपों की जांच विशाखा कमेटी ने की थी, जिसने आरोपी का दाखिला रद्द करने की सिफारिश की। वहीं मतांतरण के आरोपों की पड़ताल के लिए गठित सात सदस्यीय समिति ने भी मामले को संवेदनशील बताते हुए आगे की जांच STF से कराने का सुझाव दिया।

रिपोर्ट में पैथोलॉजी विभाग के कई संकाय सदस्यों के बयान शामिल हैं। इनमें दो डॉक्टरों के नाम भी सामने आए हैं, जिन पर जांच को प्रभावित करने के आरोप हैं। हालांकि किसी के खिलाफ प्रत्यक्ष दोष सिद्ध नहीं किया गया है।

इसी बीच कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंद ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर अब तक की कार्रवाई और रिपोर्टों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय प्रशासन के कदमों पर संतोष जताते हुए यह भरोसा दिलाया कि केजीएमयू और कुलपति कार्यालय की गरिमा व सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है।

STF की जांच से अब इस पूरे मामले में बड़े खुलासों की उम्मीद की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *