- सर्दियों में शरीर को अंदर से गर्म रखने के आसान तरीके
सर्दियों में कई बार ऐसा होता है कि पूरी तरह ढके रहने के बावजूद भी शरीर में ठंड महसूस होती है। यह समस्या सिर्फ कपड़ों की कमी नहीं, बल्कि गलत आदतों और खान-पान से भी जुड़ी होती है। अगर आप भी सर्दी के मौसम में जल्दी ठंड पकड़ लेते हैं, तो कुछ आसान बदलाव आपकी परेशानी को कम कर सकते हैं।
हवा रोकने वाले कपड़े पहनें
सिर्फ स्टाइलिश जैकेट पहनने से ठंड से बचाव नहीं होता। पॉलिएस्टर और डेनिम जैकेट ठंडी हवा को रोकने में कमजोर होती हैं। इसके बजाय विंडप्रूफ और पफर जैकेट का चुनाव करें, जो शरीर की गर्मी को बाहर निकलने से रोकती हैं।
लेयरिंग अपनाएं
सर्दियों में एक मोटा कपड़ा पहनने के बजाय लेयरिंग ज्यादा असरदार होती है। सबसे पहले थर्मल, फिर ऊनी स्वेटर और ऊपर से जैकेट पहनने से शरीर लंबे समय तक गर्म रहता है।
अगर घर में हीटर नहीं है, तो फर्श पर सीधे बैठने से बचें। ऊनी कालीन या चटाई का इस्तेमाल करें। ठंडी फर्श शरीर की गर्मी तेजी से सोख लेती है।
सर्दियों में ठंड से बचने का सबसे आसान तरीका है सही खान-पान। अदरक-तुलसी की चाय, हल्दी वाला दूध और काली मिर्च का सेवन शरीर को अंदर से गर्म करता है। गुड़ और शहद का नियमित सेवन भी फायदेमंद होता है। चुकंदर, गाजर, शकरकंद जैसे मौसमी खाद्य पदार्थ शरीर को ऊर्जा और गर्माहट देते हैं। सूखे मेवे भी सर्दियों में बेहद लाभकारी होते हैं।
हल्की एक्सरसाइज करें
सुबह-शाम हल्की स्ट्रेचिंग या योग करने से ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है, जिससे ठंड कम लगती है।
नोट: किसी भी स्वास्थ्य समस्या या विशेष डाइट अपनाने से पहले विशेषज्ञ की सलाह लेना जरूरी है।