- योगी–राजनाथ ने राष्ट्र को समर्पित किया अशोक लेलैंड का इलेक्ट्रिक प्लांट
उत्तर प्रदेश ने औद्योगिक विकास, हरित ऊर्जा और आधुनिक परिवहन की दिशा में एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रक्षा मंत्री एवं लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को अशोक लेलैंड कंपनी के अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) विनिर्माण संयंत्र का उद्घाटन किया। यह प्लांट न केवल प्रदेश की औद्योगिक ताकत को दर्शाता है, बल्कि स्वच्छ पर्यावरण और टिकाऊ भविष्य की ओर बढ़ते भारत की तस्वीर भी पेश करता है।
उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संयंत्र का निरीक्षण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सिंदूर व रुद्राक्ष के पौधे लगाए। उन्होंने कहा कि अशोक लेलैंड का यह निवेश उत्तर प्रदेश के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और यह दर्शाता है कि देश-विदेश के निवेशकों का भरोसा यूपी पर लगातार मजबूत हो रहा है। हिंदुजा परिवार का आभार जताते हुए सीएम ने कहा कि सरकार निवेशकों को सुरक्षित, पारदर्शी और भरोसेमंद माहौल उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
सीएम योगी ने अपने संबोधन में कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश को अराजकता, असुरक्षा और अव्यवस्था के लिए जाना जाता था। उस दौर में निवेशक प्रदेश छोड़कर जाने को मजबूर थे, लेकिन सत्ता में आने के बाद सरकार ने साफ संदेश दिया कि यूपी अनंत संभावनाओं वाला राज्य है। आज यह राज्य अपनी क्षमताओं को धरातल पर उतारते हुए उद्योग, रोजगार और विकास का नया मॉडल बन चुका है।
उन्होंने बताया कि इस ईवी मैन्युफैक्चरिंग यूनिट की वर्तमान उत्पादन क्षमता 2500 यूनिट प्रतिवर्ष है, जिसे आने वाले समय में बढ़ाकर 5000 यूनिट तक ले जाने की योजना है। यह परियोजना पर्यावरण संरक्षण, ग्रीन मोबिलिटी और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाएगी। साथ ही इससे प्रदेश के हजारों युवाओं को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर भी मिलेंगे।
अंकिता भंडारी के नाम पर होगा श्रीनगर का राजकीय नर्सिंग कॉलेज
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जब पूरी दुनिया जलवायु परिवर्तन, ग्लोबल वॉर्मिंग और प्राकृतिक आपदाओं की चुनौती से जूझ रही है, ऐसे समय में इलेक्ट्रिक व्हीकल जैसे विकल्प भविष्य की जरूरत बन चुके हैं। उत्तर प्रदेश इस बदलाव को सिर्फ अपनाने वाला राज्य नहीं, बल्कि इसका नेतृत्व करने वाला राज्य बन रहा है।
उन्होंने प्रदेश की मजबूत कनेक्टिविटी पर भी प्रकाश डाला। सीएम ने बताया कि देश के कुल एक्सप्रेसवे का 55 प्रतिशत हिस्सा उत्तर प्रदेश में है। सबसे बड़ा रेल नेटवर्क, मेट्रो सेवाएं, डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर, रैपिड रेल और जलमार्ग जैसी सुविधाएं यूपी को लॉजिस्टिक और इंडस्ट्रियल हब के रूप में स्थापित कर रही हैं। यही कारण है कि आज प्रदेश के सभी 75 जनपदों में निवेश हो रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत–2047’ के विजन का उल्लेख करते हुए सीएम योगी ने कहा कि यह प्लांट ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान को और मजबूती देगा। उत्तर प्रदेश अब “फियरलेस बिजनेस”, “ईज ऑफ डूइंग बिजनेस” और “ट्रस्ट ऑफ डूइंग बिजनेस” का प्रतीक बन चुका है। बीते वर्षों में प्रदेश को लाखों करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं, जिनमें से बड़ी संख्या में परियोजनाएं जमीन पर उतर चुकी हैं।
कार्यक्रम में अशोक लेलैंड के चेयरमैन धीरज हिंदुजा, एमडी-सीईओ शेनू अग्रवाल सहित केंद्रीय और राज्य सरकार के कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।