Budget 2026: लोकसभा में पेश हुए केंद्रीय बजट 2026 को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे देश के भविष्य के लिए निर्णायक बताया है। पीएम मोदी का कहना है कि यह बजट न केवल वर्तमान जरूरतों को पूरा करता है, बल्कि आने वाले दशकों के लिए भारत को मजबूत दिशा भी देता है।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किया गया यह बजट इंफ्रास्ट्रक्चर, टेक्नोलॉजी, मैन्युफैक्चरिंग और युवाओं पर केंद्रित है। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह बजट “आकांक्षाओं को वास्तविकता में बदलने” वाला है।
युवाओं के लिए खुले नए अवसर
पीएम मोदी ने कहा कि इस बजट से युवाओं की उड़ान के लिए आसमान खुल गया है। उच्च तकनीक, सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स, खिलौना उद्योग और स्टार्टअप सेक्टर को बढ़ावा देने वाले फैसले युवाओं के लिए रोजगार और नवाचार के नए रास्ते खोलेंगे।
उन्होंने कहा कि भारत अब सिर्फ तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था नहीं, बल्कि ग्लोबल लीडर बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
Budget 2026 का असर: बायबैक टैक्स के एलान से बाजार डगमगाया – Sindhu Times
मेक इन इंडिया को नई ताकत
प्रधानमंत्री के अनुसार, बजट 2026 मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत अभियानों को नई ऊर्जा देगा। रेयर अर्थ कॉरिडोर, महत्वपूर्ण खनिजों पर जोर और टेक्सटाइल सेक्टर के लिए नई योजनाएं देश की औद्योगिक क्षमता को मजबूत करेंगी।
विकास और वित्तीय अनुशासन का संतुलन
पीएम मोदी ने बजट की सराहना करते हुए कहा कि इसमें विकास और वित्तीय अनुशासन के बीच संतुलन बनाया गया है। राजकोषीय घाटा घटाने और महंगाई पर नियंत्रण के साथ-साथ पूंजीगत खर्च को प्राथमिकता दी गई है।
उन्होंने कहा कि यह बजट भारत की “रिफॉर्म एक्सप्रेस” को नई गति देगा और 140 करोड़ भारतीयों के सपनों को साकार करने की दिशा में मजबूत कदम है।