भारत और बांग्लादेश के बीच इस समय राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर तनाव की स्थिति बनी हुई है। इसी तनावपूर्ण माहौल के बीच दोनों देशों की क्रिकेट टीमें एक बार फिर मैदान पर आमने-सामने होने जा रही हैं। यह मुकाबला किसी द्विपक्षीय सीरीज का हिस्सा नहीं, बल्कि एक बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट के तहत खेला जाएगा, जिस पर क्रिकेट फैंस की खास नजर रहने वाली है।
जनवरी में आईसीसी अंडर-19 विश्व कप का आयोजन होने जा रहा है, जिसमें भारत और बांग्लादेश की युवा टीमें हिस्सा लेंगी। टूर्नामेंट की शुरुआत 15 जनवरी से होगी और भारतीय अंडर-19 टीम अपना पहला मुकाबला अमेरिका के खिलाफ खेलेगी। इसके बाद भारत और बांग्लादेश की भिड़ंत 17 जनवरी को होगी। यह मुकाबला जिम्बाब्वे के बुलावायो शहर में खेला जाएगा, यानी मैच किसी भी देश की घरेलू जमीन पर नहीं होगा।
एक ही ग्रुप में हैं भारत और बांग्लादेश
आईसीसी अंडर-19 विश्व कप के लिए टीमों को अलग-अलग ग्रुप में बांटा गया है। भारत और बांग्लादेश को एक ही ग्रुप में रखा गया है, जिससे यह मुकाबला पहले ही राउंड में देखने को मिलेगा। ऐसे में यह मैच सिर्फ अंक तालिका के लिहाज से ही नहीं, बल्कि भावनात्मक रूप से भी काफी अहम माना जा रहा है।
भारत-पाकिस्तान मुकाबला नहीं
इस टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान की टीमें एक ही ग्रुप में नहीं हैं। इसलिए शुरुआती दौर में दोनों देशों के बीच कोई मैच नहीं होगा। हालांकि अगर दोनों टीमें आगे के राउंड में पहुंचती हैं, तो नॉकआउट मुकाबले में आमना-सामना हो सकता है। फिलहाल भारत का फोकस ग्रुप स्टेज में बांग्लादेश पर रहेगा।
लगातार 15 दिन तक आंवला जूस पीने से शरीर में क्या-क्या बदलाव आते हैं?
विवाद की जड़ क्या है?
बीते कुछ समय से बांग्लादेश में हिंदू समुदाय पर हो रहे हमलों को लेकर भारत में कड़ी प्रतिक्रिया देखने को मिली है। इसी बीच आईपीएल फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स ने बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को टीम से बाहर कर दिया। यह फैसला सामने आते ही बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड नाराज हो गया और भारत के खिलाफ बयानबाजी तेज हो गई।
टी20 वर्ल्ड कप को लेकर भी तनाव
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने यहां तक कह दिया कि उनकी टीम भारत में होने वाले आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के मैच नहीं खेलेगी और सभी मुकाबले श्रीलंका में कराए जाएं। हालांकि आईसीसी ने इस मांग को खारिज कर दिया और साफ कर दिया कि तय कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं होगा।
इन सभी घटनाओं के चलते 17 जनवरी को होने वाला अंडर-19 भारत बनाम बांग्लादेश मुकाबला बेहद रोमांचक माना जा रहा है। भले ही यह जूनियर लेवल का मैच हो, लेकिन माहौल किसी बड़े मुकाबले से कम नहीं होगा।