उत्तर प्रदेश के प्रयागराज शहर से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। करेली इलाके में पारिवारिक विवाद के चलते एक दामाद ने अपनी सास की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतका 55 वर्षीय आर्शिया खातून बताई जा रही हैं। यह घटना काली मंदिर के पास हुई, जहां अचानक फायरिंग की आवाज से लोग दहशत में आ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद के बाद आरोपी दामाद महिला को जबरन घर से बाहर ले आया और सड़क पर ही उसके सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही महिला गिर पड़ी और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही करेली पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू की। पुलिस परिवार के सदस्यों से पूछताछ कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।