13000 करोड़ की ड्रग तस्करी केस में CBI की बड़ी कार्रवाई

अपराध टॉप -न्यूज़ न्यूज़ राष्ट्रीय

दिल्ली:  13000 करोड़ रुपये की अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी से जुड़े मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को बड़ी कामयाबी मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी रितिक बजाज को दुबई से भारत लाया गया है। यह कार्रवाई 23 दिसंबर 2025 को विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और इंटरपोल के समन्वय से पूरी की गई। आरोपी को दिल्ली लाकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। CBI अधिकारियों के अनुसार, रितिक बजाज नशीले पदार्थों की तस्करी और अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट से जुड़े गंभीर मामलों में वांछित था। दिल्ली पुलिस उसे लंबे समय से तलाश रही थी, लेकिन वह अपराध के बाद देश छोड़कर फरार हो गया था। जांच के दौरान उसकी लोकेशन दुबई में ट्रेस की गई, जिसके बाद अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के सहयोग से उसे पकड़ने की रणनीति बनाई गई। CBI ने दिल्ली पुलिस के अनुरोध पर 9 अक्टूबर 2025 को इंटरपोल के माध्यम से रितिक बजाज के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराया था। इसके बाद इंटरपोल के बैंकॉक और अबू धाबी स्थित नेशनल सेंट्रल ब्यूरो के साथ लगातार संपर्क में रहकर उसकी गतिविधियों पर नजर रखी गई। इसी समन्वय का नतीजा रहा कि आरोपी को आखिरकार हिरासत में लिया जा सका।

सूत्रों के मुताबिक, रितिक बजाज को थाईलैंड से दुबई पहुंचते ही दुबई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद भारत प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू हुई। दिल्ली पुलिस की एक विशेष टीम दुबई गई और सभी औपचारिकताएं पूरी कर आरोपी को भारत लेकर आई। यह मामला अक्टूबर 2024 में तब सुर्खियों में आया था, जब दिल्ली पुलिस ने दिल्ली और गुजरात से करीब 13000 करोड़ रुपये की कोकीन जब्त की थी। इसके साथ ही 50 किलो से अधिक हाइड्रोपोनिक गांजा भी बरामद हुआ था। इस कार्रवाई में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया था और कुल 14 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई थी, जिसमें रितिक बजाज का नाम भी शामिल था।

जांच में सामने आया कि यह पूरा नेटवर्क एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट के तहत काम कर रहा था। इस सिंडिकेट का मास्टरमाइंड कुख्यात अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्कर वीरेन्द्र बसोया बताया गया है, जो फिलहाल दुबई में है। इंटरपोल ने उसके बेटे ऋषभ बसोया के खिलाफ भी रेड कॉर्नर नोटिस जारी कर रखा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *