अगर आप टीम इंडिया के फैन हैं, तो नए साल की शुरुआत आपके लिए जबरदस्त होने वाली है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज जीतकर साल खत्म करने वाली भारतीय टीम अब जनवरी में न्यूजीलैंड के खिलाफ मैदान में उतरेगी। इस सीरीज की शुरुआत तीन मैचों की वनडे सीरीज से होगी, जिसे लेकर क्रिकेट प्रेमियों में काफी उत्साह है।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला वनडे मुकाबला 11 जनवरी को वड़ोदरा में खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा मैच 14 जनवरी को राजकोट में होगा। सीरीज का तीसरा और आखिरी वनडे 18 जनवरी को इंदौर में खेला जाएगा। अच्छी बात यह है कि ये मुकाबले दिन-रात के होंगे और इनमें से ज्यादातर मैच वीकेंड पर पड़ रहे हैं, जिससे फैंस आसानी से मैच का आनंद ले सकेंगे।
वनडे सीरीज के बाद दोनों टीमें पांच मैचों की टी20 सीरीज खेलेंगी। टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम की घोषणा हो चुकी है, लेकिन वनडे स्क्वाड का ऐलान अभी बाकी है। माना जा रहा है कि जल्द ही चयनकर्ता टीम का ऐलान कर सकते हैं, जिससे यह साफ हो जाएगा कि विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे दिग्गज खिलाड़ी इस सीरीज में खेलते नजर आएंगे या नहीं। भले ही फरवरी में टी20 वर्ल्ड कप की शुरुआत होने वाली है, लेकिन वनडे सीरीज की अहमियत कम नहीं होने वाली। घरेलू मैदान पर न्यूजीलैंड जैसी मजबूत टीम के खिलाफ खेलना हमेशा चुनौतीपूर्ण रहता है। साथ ही यह सीरीज नए खिलाड़ियों के लिए खुद को साबित करने का भी बड़ा मौका होगी।