अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नॉर्थ कैरोलिना में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अपनी सरकार की आर्थिक नीतियों को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि अमेरिका एक बार फिर मजबूती और समृद्धि की राह पर लौट आया है और नए साल से देश के नागरिकों को अब तक की सबसे बड़ी टैक्स राहत मिलने जा रही है। ट्रंप के मुताबिक, यह फैसला अमेरिकी अर्थव्यवस्था को नई रफ्तार देगा।
अपने भाषण में ट्रंप ने साफ किया कि उनकी सरकार आम नागरिकों पर टैक्स का बोझ कम करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने ऐलान किया कि टिप्स से होने वाली आय पर टैक्स नहीं लिया जाएगा, ओवरटाइम की कमाई को टैक्स फ्री किया जाएगा और वरिष्ठ नागरिकों को सोशल सिक्योरिटी टैक्स से पूरी तरह छूट मिलेगी। ट्रंप ने कहा कि यह फैसले मेहनतकश अमेरिकियों के सम्मान और सुरक्षा के लिए जरूरी हैं।
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि बीते चार साल अमेरिका के लिए कठिन रहे, जब देश को कमजोर दिखाने की कोशिश की गई। उन्होंने कहा, “दुनिया हमारी हंसी उड़ाती थी, लेकिन अब हालात बदल चुके हैं।” ट्रंप के अनुसार, पिछले दस महीनों में अमेरिका की सीमाएं पहले से ज्यादा सुरक्षित हुई हैं, महंगाई पर काबू पाया गया है और मजदूरी में इजाफा हुआ है। उन्होंने इसे अमेरिका के ‘गोल्डन एज’ की शुरुआत बताया।
टैरिफ नीति पर ट्रंप ने कहा कि कभी यह उनका सबसे पसंदीदा शब्द था, लेकिन अब यह उनका पांचवां पसंदीदा शब्द बन गया है। उन्होंने बताया कि टैरिफ का इस्तेमाल अमेरिकी कामगारों और उद्योगों को विदेशी प्रतिस्पर्धा से बचाने के लिए किया गया। विदेशी कारों पर 25 प्रतिशत और विदेशी स्टील पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाकर घरेलू उत्पादन को बढ़ावा दिया गया है।
आवारा पशु और कुत्तों पर नियंत्रण के लिए यूपी सरकार का बड़ा फैसला
ऊर्जा क्षेत्र को लेकर ट्रंप ने कहा कि उनकी सरकार ने ‘ग्रीन न्यू स्कैम’ जैसी नीतियों को खत्म कर दिया है, जो अमेरिकी ऊर्जा उद्योग को नुकसान पहुंचा रही थीं। ‘ड्रिल, बेबी, ड्रिल’ नीति लागू होने के बाद तेल उत्पादन बढ़ा और पेट्रोल की कीमतों में गिरावट आई। उन्होंने इसे आम जनता के लिए राहत भरा कदम बताया।
नॉर्थ कैरोलिना के स्थानीय उद्योगों का जिक्र करते हुए ट्रंप ने कहा कि फर्नीचर उद्योग को बचाने के लिए अलग-अलग श्रेणियों में 25 से 50 प्रतिशत तक टैरिफ लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार का लक्ष्य अमेरिका को आत्मनिर्भर बनाना और देश के हर नागरिक को समृद्धि का हिस्सा बनाना है।
अपने भाषण के अंत में ट्रंप ने समर्थकों से कहा कि अमेरिका की वापसी हो चुकी है और आने वाला समय देश के लिए ऐतिहासिक होगा। उन्होंने भरोसा जताया कि उनकी नीतियों से अमेरिका फिर से दुनिया का सबसे ताकतवर और समृद्ध राष्ट्र बनेगा।