मूर्तिकार इकबाल सिंह गिल बना रहे हैं बॉलीवुड लेजेंड धर्मेंद्र का स्टैच्यू

मनोरंजन राष्ट्रीय

बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के निधन के बाद पूरे देश में उनके प्रशंसकों और कला प्रेमियों के बीच शोक का माहौल है। इसी बीच पंजाब के मोगा जिले के गांव मानुके से एक भावुक पहल सामने आई है, जहां स्थानीय मूर्तिकार इकबाल सिंह गिल अभिनेता धर्मेंद्र की प्रतिमा बनाने में जुटे हुए हैं। यह स्टैच्यू उनकी याद को हमेशा जीवित रखने का एक अनोखा प्रयास है।

धर्मेंद्र का 24 नवंबर को निधन हुआ था और मुंबई में उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके जाने से न केवल फिल्म इंडस्ट्री बल्कि उनके चाहने वालों को भी गहरा आघात पहुंचा। पंजाब में जन्मे धर्मेंद्र की पहचान एक ऐसे कलाकार के रूप में थी, जिन्होंने अपनी जड़ों को कभी नहीं भुलाया। यही कारण है कि पंजाब के कलाकार आज उन्हें अपनी कला के माध्यम से श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

मूर्तिकार इकबाल सिंह गिल ने बताया कि वह इस प्रतिमा को पूरी निष्ठा और भावनाओं के साथ तैयार कर रहे हैं। करीब एक सप्ताह में स्टैच्यू पूरी हो जाएगी और इसे उनकी आर्ट गैलरी में प्रदर्शित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रतिमा का आकार और बनावट धर्मेंद्र के व्यक्तित्व के अनुसार रखी जाएगी, ताकि उनके प्रभावशाली व्यक्तित्व को सही रूप में दर्शाया जा सके।

इकबाल सिंह के अनुसार, इस प्रतिमा को तैयार करने में लगभग एक लाख रुपये का खर्च आएगा, जिसे वह अपनी ओर से वहन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र जैसे महान कलाकारों के लिए पैसा मायने नहीं रखता, बल्कि सम्मान और यादें ज्यादा अहम होती हैं। इकबाल सिंह को बचपन से ही मूर्ति निर्माण का शौक रहा है और उन्होंने इसे अपनी पहचान बना लिया।

खेती के साथ-साथ मूर्तिकला को अपनाने वाले इकबाल सिंह अब तक सैकड़ों प्रतिमाएं तैयार कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि वे उन व्यक्तित्वों की मूर्तियां बनाते हैं, जिन्होंने समाज, देश या कला के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया हो। उनके द्वारा बनाई गई मूर्तियां भारत के कई राज्यों के अलावा विदेशों में भी स्थापित की गई हैं।

उन्होंने बाबा लाडी शाह, सिद्धू मूसेवाला, शहीद सैनिकों, संदीप नंगल अंबियां जैसे कई नामों के साथ-साथ पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह और मिल्खा सिंह की प्रतिमाएं भी बनाई हैं। इकबाल सिंह का मानना है कि कलाकारों और महान व्यक्तित्वों को कला के जरिए सम्मान देना आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *