सर्दी के मौसम में घना कोहरा एक बार फिर सड़क हादसे की वजह बन गया। आगरा-जयपुर हाईवे पर किरावली कस्बे के पास बुधवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों को दहशत में डाल दिया। कोहरे के कारण छह वाहन आपस में टकरा गए, जिससे कई लोग घायल हो गए और एक बस चालक को गंभीर चोट आई।
यह दुर्घटना अभुआपुरा बिजली घर के सामने उस वक्त हुई, जब हाईवे पर चल रहे वाहनों को आगे कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था। अचानक हुई टक्कर के बाद पीछे से आ रहे वाहन भी समय पर ब्रेक नहीं लगा सके और एक के बाद एक गाड़ियां आपस में भिड़ गईं। हादसे में दो ट्रक, दो स्लीपर बसें और दो कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
हादसे के बाद मौके पर यात्रियों में डर और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई लोग वाहन के अंदर फंसे रह गए। सूचना मिलते ही किरावली थाना पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को तुरंत अस्पताल भेजा गया। बताया जा रहा है कि एक बस चालक हादसे में बुरी तरह घायल हुआ, जिसका पैर कट गया। डॉक्टरों की टीम उसका इलाज कर रही है। अन्य घायलों को भी प्राथमिक उपचार के बाद भर्ती किया गया है।
हादसे के कारण हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिसे हटाने में पुलिस को काफी समय लग गया। पुलिस ने संकेतक लगाकर अन्य वाहन चालकों को सावधान किया और धीरे-धीरे यातायात बहाल कराया।
थाना प्रभारी नीरज कुमार ने वाहन चालकों से अपील की है कि कोहरे के समय सफर करते वक्त विशेष सतर्कता बरतें। उन्होंने कहा कि कम दृश्यता में तेज गति से वाहन चलाना जानलेवा साबित हो सकता है। जरूरत न हो तो यात्रा टालें और सुरक्षित दूरी बनाकर चलें।