अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत से निर्यात होने वाले चावल पर नया टैरिफ लगाने के संकेत देते हुए अंतरराष्ट्रीय व्यापार में एक बार फिर हलचल पैदा कर दी है। अमेरिकी किसानों की शिकायतों के बाद ट्रंप ने यह संकेत उस समय दिया जब उन्होंने किसानों के लिए 12 अरब डॉलर के सहायता पैकेज का ऐलान किया। ट्रंप प्रशासन का यह रुख भारतीय कृषि निर्यात पर बड़ा असर डाल सकता है, खासकर उस समय जब भारत दुनिया के कई देशों को बड़े पैमाने पर चावल भेजता है।
अमेरिकी किसानों ने जताई नाराज़गी, भारत पर लगाया बाज़ार बिगाड़ने का आरोप
व्हाइट हाउस में आयोजित बैठक में अमेरिकी किसानों के प्रतिनिधिमंडल ने शिकायत की कि भारत समेत एशियाई देशों से आ रहा सस्ता चावल अमेरिकी बाजारों को नुकसान पहुंचा रहा है। किसानों का आरोप है कि सब्सिडी वाले चावल के आयात से अमेरिकी कीमतें नीचे जा रही हैं, जिससे घरेलू किसान दबाव में आ गए हैं।
किसानों की शिकायत सुनने के बाद ट्रंप तुरंत अमेरिका के कॉमर्स सेक्रेट्री की ओर मुड़े और कहा— “भारत ऐसा नहीं कर सकता। उन्हें टैरिफ देना होगा।”
टैरिफ 50% से ऊपर जा सकता है
अमेरिका फिलहाल भारतीय चावल पर 25% टैरिफ और 25% पेनल्टी पहले से लगा रहा है। अगर ट्रंप नया शुल्क लागू करते हैं, तो यह सीमा 50% से अधिक हो जाएगी। इससे भारत के चावल निर्यात को बड़ा झटका लग सकता है और दोनों देशों के बीच ट्रेड तनाव भी बढ़ सकता है।
किसानों के लिए 12 अरब डॉलर का बेलआउट
व्हाइट हाउस में ट्रंप ने किसानों के लिए 12 बिलियन डॉलर के बेलआउट पैकेज की घोषणा की। इसी दौरान उन्होंने कहा कि अमेरिका यह जांच करेगा कि क्या देश में “कृत्रिम रूप से सस्ता चावल” डंप किया जा रहा है। उनका दावा है कि ऐसे आयातों से अमेरिकी बाजार की प्रतिस्पर्धा खत्म हो रही है।
ट्रंप का सख्त रुख—“वे धोखाधड़ी कर रहे हैं”
बैठक के दौरान एक कारोबारी मेरिल कैनेडी ने कहा कि भारत, चीन, थाईलैंड और प्यूर्टो रिको अमेरिका में सस्ता चावल भेज रहे हैं। इस पर ट्रंप ने सवाल किया—
“भारत को ऐसा करने की अनुमति क्यों है? उन्हें अधिक टैरिफ देना होगा।”
ट्रंप ने यह भी कहा कि अमेरिका इन देशों को कम कीमत पर चावल डंप करने की अनुमति नहीं देगा और आवश्यक हुआ तो बड़े स्तर पर टैरिफ बढ़ाए जाएंगे।
कनाडा के उर्वरक पर भी लग सकता है शुल्क
ट्रंप ने संकेत दिया कि भविष्य में कनाडा से आने वाले उर्वरकों पर भी कड़े शुल्क लगाए जा सकते हैं। उनका कहना है कि यह घरेलू उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए जरूरी है।
व्हाइट हाउस की बातचीत में साफ हुआ अमेरिका का मूड
बातचीत में मौजूद अमेरिकी वित्त मंत्री ने बताया कि वे भारत के साथ ट्रेड डील पर काम कर रहे हैं।
लेकिन ट्रंप का रूख स्पष्ट था —
“उन्हें अमेरिकी बाजार में चावल डंप नहीं करना चाहिए। यह लंबे समय से हो रहा है और अब इसे रोकना होगा।”
अमेरिका के इस संकेत से भारत-अमेरिका के व्यापारिक संबंधों में नई चुनौती खड़ी हो गई है। यदि टैरिफ बढ़ता है तो इसका सीधा असर भारत के चावल निर्यातकों और वैश्विक चावल बाजार पर पड़ेगा।