यूपी में योगी का SIR अलर्ट: “एक महीना सिर्फ वोटर लिस्ट पर – हर नाम बचाओ

उत्तर प्रदेश न्यूज़ लखनऊ न्यूज़

लखनऊ । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को एनेक्सी ऑडिटोरियम में बीजेपी विधायकों और पदाधिकारियों को सख्त लहजे में निर्देश दिए – “अगला एक महीना सिर्फ SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) का नाम! कोई शादी-ब्याह, कोई पार्टी फंक्शन नहीं।” एक घंटे की मीटिंग में योगी ने कहा, “वोटर लिस्ट हमारी जान है। 2027 का चुनाव इसी पर लड़ा जाएगा। हर बूथ पर 10 कार्यकर्ताओं की टीम बनाओ – 5 पुरुष, 5 महिलाएं। घर-घर जाओ, फॉर्म भरा या नहीं – चेक करो।”

योगी ने स्पष्ट निर्देश दिए:

नई शादीशुदा लड़कियों के नाम पुराने पते से कटे तो नए घर में जोड़ो

बाहर नौकरी करने गए लोगों के नाम बचाओ, नए आएं तो शामिल करो

फर्जी नामों पर तुरंत आपत्ति दर्ज कराओ

ग्रामीण इलाकों में शहरों से ज्यादा कैंप लगाओ

विधायक खुद बूथों पर नजर रखें, BLO से डेली संपर्क में रहें

विपक्ष के विरोध पर तंज कसते हुए योगी बोले, “SIR का शोर मचाने वाले सोशल मीडिया पर चिल्ला रहे हैं, लेकिन उनके कार्यकर्ता चुपचाप बूथों पर काम कर रहे। हम सो न जाएं। बीजेपी हर वोटर की मदद करे – कोई सच्चा नाम न कटे, कोई फर्जी न जुड़े।”

मीटिंग में गोरखपुर प्रभारी मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह, निषाद पार्टी अध्यक्ष संजय निषाद, बीजेपी उपाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय, सभी विधायक-जिला अध्यक्ष मौजूद थे। योगी ने कहा, “दावे-आपत्ति के नोटिस पर तुरंत एक्शन लो। ये सिर्फ रिवीजन नहीं, 2027 की नींव है।”

बीजेपी सूत्रों का दावा – SIR में 2 करोड़ से ज्यादा नाम कट सकते हैं। योगी का मंत्र – “जो वोटर हमारा है, उसे कोई छीन न सके।” अगले 30 दिन यूपी की सड़कों पर बीजेपी कार्यकर्ता सिर्फ एक काम करेंगे – वोटर लिस्ट बचाओ!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *