लखनऊ: राजधानी लखनऊ शुक्रवार को 19वीं राष्ट्रीय जंबूरी के ऐतिहासिक समापन समारोह का साक्षी बनेगी। कार्यक्रम में देश की राष्ट्रपति एवं भारत स्काउट एंड गाइड की संरक्षक द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। उनके आगमन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था अत्यंत कड़ी कर दी गई है। राष्ट्रपति करीब 90 मिनट तक स्काउट–गाइड्स के बीच रहेंगी और इस दौरान 15,000 प्रतिभागी उन्हें सलामी देंगे।
भारत स्काउट एंड गाइड, उत्तर प्रदेश के मुख्यायुक्त प्रभात कुमार के अनुसार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का आगमन अपराह्न 3:30 बजे होगा। उनके स्वागत में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उपस्थित रहेंगे। राष्ट्रपति के प्रोटोकॉल के अनुसार वह लगभग डेढ़ घंटे तक समारोह में मौजूद रहेंगी।
कार्यक्रम के दौरान देश के सभी राज्यों, सेंट्रल रेलवे और विदेशी स्काउट–गाइड्स अपने-अपने परिधानों में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। साथ ही, भव्य मार्च पास्ट और कलर पार्टी भी आयोजित की जाएगी। स्काउट–गाइड्स जंबूरी के राष्ट्रीय संगीत पर राष्ट्रपति को सलामी देंगे।
सुरक्षा व्यवस्था अलर्ट मोड पर
दिल्ली विस्फोट घटना के बाद जंबूरी स्थल पर सुरक्षा और भी सख्त कर दी गई है। अटल स्टेडियम और उसके आसपास के क्षेत्र का विशेष सुरक्षा टीम द्वारा गहन निरीक्षण किया गया।
लगभग 350 एकड़ में फैले परिसर में हर गतिविधि पर नजर रखने के लिए एआई तकनीक से लैस ड्रोन तैनात किए जाएंगे। कार्यक्रम शुरू होने से एक घंटे पहले आम जनता का प्रवेश पूरी तरह से बंद कर दिया जाएगा।
-
मुख्य अतिथियों का प्रवेश अटल स्टेडियम के मुख्य द्वार से होगा।
-
स्काउट–गाइड्स और अधिकारियों के लिए अलग गेट निर्धारित किए गए हैं।
गुरुवार को स्काउट–गाइड्स ने मुख्य परिधान में मार्च पास्ट का अभ्यास भी किया। सुरक्षा एजेंसियां पूरे कार्यक्रम के दौरान सतर्क रहेंगी।
जंबूरी में रंगी लोक संस्कृति – विदेशी कलाकार भी शामिल
समापन समारोह से पहले अटल स्टेडियम में लोक संस्कृति की मनमोहक झलक देखने को मिली। इंटरनेशनल नाइट्स और एथनिक फैशन शो में भारतीय और विदेशी कलाकारों ने शानदार प्रस्तुतियां दीं।
स्काउट–गाइड्स ने अलग-अलग राज्यों के पारंपरिक परिधानों में सांस्कृतिक नृत्य और फैशन परफॉर्मेंस प्रस्तुत किए, जिससे पूरे परिसर में संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला।
टेंट सिटी में राज्यों की सांस्कृतिक झलक
राष्ट्रीय जंबूरी के लिए बनाई गई अस्थायी टेंट सिटी में सभी राज्यों ने आकर्षक मुख्य द्वार तैयार किए हैं। प्रत्येक द्वार पर:
-
राज्यों की भाषा
-
संस्कृति
-
पारंपरिक पहनावा
-
सभ्यता
-
और महापुरुषों की झांकियां प्रदर्शित की गई हैं।