
लखीमपुर खीरी जिले के फरधान थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पीलीभीत–बस्ती रोड पर कोरैया जंगल के पास सुबह लगभग 9 बजे 68 वर्षीय बुजुर्ग राम अवतार को एक अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद उन्हें गंभीर हालत में तुरंत ओयल स्थित जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मूल रूप से कोतवाली सदर क्षेत्र के लखीमपुर शहर के मोहल्ला उदयपुर महेवा निवासी राम अवतार कोरैया जंगल स्थित निर्माणाधीन स्कूल में मजदूरी करते थे। रोज की तरह वह सुबह अपनी साइकिल से काम पर जा रहे थे कि अचानक पीछे से आ रहे एक वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि राम अवतार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं वाहन चालक दुर्घटना के बाद कार समेत मौके से भाग निकला।
हादसे की सूचना मिलते ही आस-पड़ोस के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और तुरंत पुलिस तथा परिवार वालों को सूचना दी। फरधान पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और उन्होंने घायल राम अवतार को 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भिजवाया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इंचार्ज इंस्पेक्टर दयाशंकर द्विवेदी ने बताया कि मृतक की साइकिल को कब्जे में ले लिया गया है और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, दुर्घटना गोला की ओर से आ रही कार से हुई थी, जो टक्कर मारकर मौके से फरार हो गई। परिवार के लोग पोस्टमार्टम कराने में जुटे हैं। पुलिस का कहना है कि परिजनों से तहरीर मिलते ही अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की जाएगी।