उत्तर प्रदेश में सर्दी ने अब अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। गुरुवार सुबह प्रदेश के कई जिलों में सीजन का पहला घना कोहरा देखने को मिला। कई इलाकों में दृश्यता इतनी कम हो गई कि 10 मीटर दूर देखना भी मुश्किल हो गया। घने कोहरे का सीधा असर सड़क यातायात पर पड़ा और प्रदेश के अलग-अलग जिलों में कई सड़क हादसे हुए। आजमगढ़ में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर स्लीपर बस समेत सात वाहन आपस में टकरा गए। इस भीषण हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 लोग घायल हुए हैं। वहीं, मऊ में दो बसों की आमने-सामने भिड़ंत में 15 यात्री घायल हो गए। इसके अलावा बहराइच में अलाव तापते समय तीन साल की बच्ची आग की चपेट में आकर झुलस गई।
यूपी के 25 शहरों में छाया घना कोहरा
गुरुवार सुबह प्रदेश के करीब 25 शहरों में घना कोहरा छाया रहा। इनमें गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया, जौनपुर, मुजफ्फरनगर और संभल समेत कई जिले शामिल हैं। कोहरे के कारण कई स्थानों पर दृश्यता घटकर महज 10 मीटर रह गई।
गाजीपुर में सुबह करीब 4 बजे से कोहरा छाना शुरू हुआ, जिसका असर सुबह 7:30 बजे तक बना रहा। यहां दृश्यता घटकर 15 मीटर तक पहुंच गई। वहीं, जौनपुर में सुबह के समय विजिबिलिटी करीब 200 मीटर दर्ज की गई। सड़कों पर धुंध के कारण वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
आजमगढ़ में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा, 3 की मौत
आजमगढ़ के मुबारकपुर थाना क्षेत्र के पास गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। दिल्ली से गाजीपुर जा रही एक स्लीपर बस सड़क किनारे खड़े ट्रेलर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस के पीछे आ रहे अन्य वाहन भी एक-दूसरे से टकराते चले गए।
इस हादसे में स्लीपर बस समेत कुल सात वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। दुर्घटना में बस चालक समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 14 लोग घायल हुए हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। पुलिस और राहत टीम ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
मऊ में दो बसों की भिड़ंत, 15 यात्री घायल
मऊ में भी घने कोहरे के कारण गुरुवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हुआ। वाराणसी-गोरखपुर हाईवे पर कोपागंज थाना क्षेत्र के शहरोज मोड़ के पास दो बसें आमने-सामने टकरा गईं।
जानकारी के मुताबिक, बेल्थरारोड से लखनऊ जा रही शिवगंगा बस की गाजीपुर से बारात लेकर गोरखपुर जा रही बस से भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में 15 यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
बहराइच में अलाव तापते समय झुलसी तीन साल की बच्ची
बढ़ती ठंड के बीच बहराइच में भी एक हादसा सामने आया। यहां परिवार के साथ अलाव ताप रही तीन साल की बच्ची आग की चपेट में आ गई। आग से बच्ची के हाथ और पेट झुलस गए। परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे।
मुजफ्फरनगर प्रदेश में सबसे ठंडा, 10 डिग्री से नीचे पहुंचा पारा
कोहरे के साथ प्रदेश में ठंड भी बढ़ने लगी है। कई जिलों में रात का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। मुजफ्फरनगर प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। कानपुर और मेरठ में भी रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
हालांकि, दिन के समय अभी भी कुछ शहरों में तापमान 30 डिग्री के आसपास बना हुआ है। झांसी, प्रयागराज और बांदा में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम में आए इस बदलाव के बीच सुबह और रात के समय लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। खासकर वाहन चालकों को कोहरे में धीमी गति से वाहन चलाने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी जाती है।