LDA के विशेष शिविर में 107 आवंटियों ने कराई रजिस्ट्री, एक ही पटल पर पूरी हुई प्रक्रिया

उत्तर प्रदेश टॉप -न्यूज़ न्यूज़ प्रदेश राजनीती लखनऊ न्यूज़

लखनऊ। लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) के विशेष निबंधन शिविर में पहले दिन 107 आवंटियों ने अपनी संपत्तियों की रजिस्ट्री कराई। एक ही पटल पर फाइल तैयार होने से लेकर रजिस्ट्री तक की प्रक्रिया पूरी होने पर आवंटियों को राहत मिली। लोगों ने एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार की पहल की सराहना की।

प्राधिकरण भवन के कमेटी हॉल में 13 से 15 अक्टूबर 2026 तक तीन दिवसीय विशेष निबंधन शिविर आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य उन आवंटियों को सुविधा देना है, जिन्होंने संपत्ति आवंटित होने के बाद अब तक रजिस्ट्री नहीं कराई है।

सुबह 11 से शाम 6 बजे तक चला शिविर

एलडीए के अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि शिविर में प्राधिकरण के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ निबंधन विभाग की टीम भी मौजूद है। पहले दिन मंगलवार को सुबह 11 बजे से शाम 6 बजे तक रजिस्ट्री की प्रक्रिया चली। इस दौरान कुल 107 आवंटियों के पक्ष में संपत्तियों का निबंधन किया गया।

इसमें विभिन्न अपार्टमेंट के फ्लैट, कानपुर रोड योजना, जानकीपुरम विस्तार, बसंतकुंज, शारदा नगर, गोमती नगर और प्रधानमंत्री आवास योजना समेत अन्य योजनाओं की संपत्तियां शामिल रहीं। खास तौर पर प्रधानमंत्री आवास योजना, आश्रयहीन और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के भवनों के आवंटियों ने शिविर में उत्साह दिखाया।

नए आवेदन भी मिले, बाकी आवंटियों को भेजा जाएगा नोटिस

एलडीए के उप सचिव माधवेश कुमार ने बताया कि शिविर में रजिस्ट्री के लिए कई नए आवेदन भी प्राप्त हुए हैं। इनकी फाइलें तैयार कराई जा रही हैं, ताकि आगे की प्रक्रिया पूरी की जा सके।

उन्होंने बताया कि जिन आवंटियों ने अभी तक रजिस्ट्री के लिए आवेदन नहीं किया है, उन्हें नोटिस भेजा जाएगा।

एलडीए की इस पहल से आवंटियों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिली है। तीन दिनों तक चलने वाले इस शिविर के जरिए प्राधिकरण का प्रयास है कि लंबित रजिस्ट्रियों का निस्तारण आसान और समयबद्ध तरीके से किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *