आज 26 नवंबर को पूरे देश में संविधान दिवस मनाया जा रहा है। इसी दिन साल 1949 में भारत की संविधान सभा ने देश के संविधान को अपनाया था। इस ऐतिहासिक दिन के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक लेख लिखकर संविधान को भारत का पथप्रदर्शक बताया है। अपने लेख में उन्होंने संविधान की मूल भावना, लोकतांत्रिक व्यवस्था, सामाजिक न्याय और देश की विकास यात्रा पर बात की। साथ ही विपक्ष पर भी निशाना साधा। दूसरी ओर, बीजेपी देशभर में संविधान गौरव दिवस मना रही है। इसके तहत 30 नवंबर तक संविधान के मूल्यों और आदर्शों को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
संविधान दिवस पर पीएम मोदी का लेख: संविधान को बताया प्रगति का आधार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने लेख में संविधान को देश की प्रगति और लोकतंत्र की मजबूती का आधार बताया। उन्होंने कहा कि संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि देश के नागरिकों के अधिकारों और कर्तव्यों का मार्गदर्शक है।
पीएम मोदी ने डॉ. राजेंद्र प्रसाद, डॉ. भीमराव आंबेडकर और संविधान सभा के सभी सदस्यों को नमन किया। उन्होंने युवाओं से संविधान की मूल भावना को समझने और अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक रहने की अपील की।
पीएम मोदी ने अपने लेख में इन 10 मुद्दों का किया जिक्र
प्रधानमंत्री ने अपने लेख में संविधान से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों को उठाया। उनकी प्रमुख बातें इस प्रकार हैं:
1. संविधान और भारत की विरासत: पीएम मोदी ने कहा कि भारत का आधुनिक संविधान देश की सभ्यतागत विरासत और लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़ा है। सरकार ने युवाओं को संविधान से जोड़ने के लिए संविधान दिवस मनाने की शुरुआत की।
2. सामान्य परिवार से देश की सेवा तक: प्रधानमंत्री ने अपने सामान्य आर्थिक पृष्ठभूमि वाले परिवार का जिक्र करते हुए कहा कि संविधान ने हर नागरिक को आगे बढ़ने और देश की सेवा करने का अवसर दिया है।
3. सामाजिक और आर्थिक न्याय: उन्होंने विश्व बैंक की रिपोर्ट का हवाला देते हुए गरीबी में कमी का जिक्र किया। पीएम आवास योजना, उज्ज्वला, आयुष्मान भारत, मुद्रा योजना और यूपीआई जैसी योजनाओं को सामाजिक-आर्थिक बदलाव का उदाहरण बताया।
4. तीन महत्वपूर्ण संविधान संशोधन: पीएम मोदी ने 101वें संशोधन से GST, 102वें संशोधन से राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा और 103वें संशोधन से EWS आरक्षण का जिक्र किया।
5. आम लोगों तक संविधान की पहुंच: उन्होंने बताया कि संविधान आठवीं अनुसूची की सभी 22 भाषाओं में उपलब्ध कराया गया है। भारतीय न्याय संहिता को भी औपनिवेशिक सोच से बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
6. संविधान संशोधनों पर विपक्ष को घेरा: प्रधानमंत्री ने पहले, 38वें, 39वें और 42वें संविधान संशोधनों का जिक्र करते हुए तत्कालीन सरकारों की नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने अनुच्छेद 356 के कथित दुरुपयोग का भी मुद्दा उठाया।
7. हर नागरिक को मिले संवैधानिक अधिकार: पीएम मोदी ने अनुच्छेद 370 और 35A में किए गए बदलावों का जिक्र करते हुए कहा कि इससे जम्मू-कश्मीर में वंचित वर्गों को अधिकार मिलने का रास्ता खुला।
8. OBC और मुस्लिम आरक्षण का मुद्दा: प्रधानमंत्री ने विपक्ष पर OBC आरक्षण का हिस्सा कम करके मुस्लिम आरक्षण देने की कोशिश करने का आरोप लगाया।
9. महिला अधिकार और आरक्षण: उन्होंने संविधान निर्माण में महिलाओं के योगदान को याद किया और महिला आरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। साथ ही विपक्ष पर महिला आरक्षण विधेयक का विरोध करने का आरोप लगाया।
10. 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य: पीएम मोदी ने नागरिकों से राष्ट्रहित को प्राथमिकता देने और कर्तव्यों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि ‘इंडिया फर्स्ट’ की भावना से विकसित भारत का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
बीजेपी मनाएगी संविधान गौरव दिवस
संविधान दिवस के मौके पर बीजेपी देशभर में संविधान गौरव दिवस मना रही है। पार्टी की ओर से 26 से 30 नवंबर तक पांच दिवसीय संविधान जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत संविधान के मूल्यों, आदर्शों और लोकतांत्रिक परंपराओं को लोगों तक पहुंचाने की योजना है।
इस क्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह नई दिल्ली के श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविक सेंटर में दोपहर 3:30 बजे कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। वहीं, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन पटना में कार्यक्रम में शामिल होंगे। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा अहमदाबाद में सार्वजनिक कार्यक्रम करेंगे।
इस अभियान के जरिए बीजेपी संविधान और बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के योगदान को लेकर देशभर में कार्यक्रम आयोजित करेगी।