अनंतपुर सड़क हादसा: लॉरी की टक्कर से चार लोगों की मौत, आठ घायल

अपराध टॉप -न्यूज़ न्यूज़ राष्ट्रीय

आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले में गुरुवार को एक गंभीर सड़क दुर्घटना सामने आई है। याडिकी मंडल के रायालाचेरुवु के पास एक तेज रफ्तार लॉरी ने सामने से आ रहे वाहन को टक्कर मार दी। इस घटना में चार लोगों की जान चली गई, जबकि आठ अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। अनंतपुर सड़क हादसा होने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से राहत कार्य शुरू किया गया।

हैदराबाद से ताड़ीपत्री जा रहा था वाहन

राज्य के परिवहन मंत्री राम प्रसाद रेड्डी के अनुसार, दुर्घटना का शिकार हुआ वाहन हैदराबाद से ताड़ीपत्री की ओर जा रहा था। रास्ते में रायालाचेरुवु के नजदीक तेज रफ्तार लॉरी ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के तुरंत बाद सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर घटना की वजहों की जांच कर रही है।

पुणे में बस स्टॉप पर खड़े छात्रों को ट्रक ने कुचला

इससे पहले बुधवार दोपहर करीब ढाई बजे महाराष्ट्र के पुणे में भी एक दुखद सड़क दुर्घटना हुई थी। येवलेवाड़ी इलाके में ट्रिनिटी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड रिसर्च के बाहर बस स्टॉप पर खड़े छात्रों को एक अनियंत्रित ट्रक ने टक्कर मार दी। पुलिस के मुताबिक, बोपदेव घाट की ढलान से उतरते समय चालक ट्रक पर से नियंत्रण खो बैठा था। इस घटना में सिद्धेश राजे, विशाल डांगड़े और मोहिनी चौधरी नाम के तीन छात्रों की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दो अन्य छात्र घायल हैं।

लखीसराय में स्कॉर्पियो और ट्रक की टक्कर में पांच की मौत

इसी तरह मंगलवार तड़के बिहार के लखीसराय जिले में तेतरहाट थाना क्षेत्र के गुणसागर गांव के पास लखीसराय-जमुई मुख्य मार्ग पर एक स्कॉर्पियो और ट्रक की सीधी टक्कर हो गई। इस हादसे में स्कॉर्पियो सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में दो महिलाएं, एक बच्चा और चालक समेत दो पुरुष शामिल थे, जो मोतिहारी जिले के एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं। सूचना मिलने पर डायल 112 और स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *