भारतीय टेनिस को एक नई युवा खिलाड़ी के रूप में खास पहचान मिली है। गुजरात की 14 साल की जेन्सी कनाबर ने अपने खेल से सभी का ध्यान खींचा है। उन्होंने विमेंस 15 कोलकाता टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचकर वह रिकॉर्ड अपने नाम किया है, जो पिछले 24 साल से सानिया मिर्जा के पास था। जेन्सी अब प्रोफेशनल सिंगल्स के फाइनल में पहुंचने वाली सबसे कम उम्र की भारतीय महिला खिलाड़ी बन गई हैं। छोटी उम्र में मिली इस सफलता ने भारतीय टेनिस को लेकर नई उम्मीदें जगाई हैं और जेन्सी कनाबर का नाम हर तरफ चर्चा में है।
सानिया मिर्जा का पुराना रिकॉर्ड पीछे छूटा
जेन्सी कनाबर ने महज 14 साल और 11 महीने की उम्र में प्रोफेशनल टेनिस सिंगल्स के फाइनल में जगह बनाकर नया कीर्तिमान रचा है। इससे पहले यह रिकॉर्ड सानिया मिर्जा के नाम दर्ज था, जिन्होंने साल 2002 में हैदराबाद में हुए एक आईटीएफ टूर्नामेंट के दौरान 15 साल और 10 महीने की उम्र में सिंगल्स फाइनल में कदम रखा था। जेन्सी ने उनसे कम उम्र में यह मुकाम हासिल कर इतिहास रच दिया है और कम समय में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनानी शुरू कर दी है।
सेमीफाइनल में आसान जीत और बिना सेट गंवाए सफर
कोलकाता में खेले जा रहे विमेंस 15 टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जेन्सी कनाबर का सामना नीदरलैंड्स की फ्लोरेंटिन डेकर्स से हुआ, जहां उन्होंने 6-1, 6-0 से एकतरफा जीत दर्ज की और एक घंटे से कुछ ज्यादा समय में फाइनल का टिकट कटाया। इससे पहले भी उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में एक भी सेट नहीं गंवाया। पहले दौर में रिया सचदेवा को 6-1, 6-2 और दूसरे दौर में डेनमार्क की एलेना जमशीदी को 6-3, 6-0 से हराया। क्वार्टर फाइनल में रूस की चौथी वरीयता प्राप्त मारिया काल्याकिना के खिलाफ पहले सेट में 3-5 और टाईब्रेकर में 1-4 से पिछड़ने के बाद उन्होंने लगातार छह अंक जीतकर टाईब्रेकर 7-4 से अपने नाम किया और दूसरा सेट 6-2 से जीतकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।
चेन्नई ओपन का अनुभव और अब फाइनल की चुनौती
कोलकाता में इस उपलब्धि से पहले जेन्सी कनाबर ने डब्ल्यूटीए 250 चेन्नई ओपन के क्वालिफाइंग ड्रॉ में वाइल्ड कार्ड के जरिए खेलते हुए भी प्रभावित किया था। वहां विश्व रैंकिंग 287 पर काबिज पोलैंड की वेरोनिका फाल्कोव्स्का के खिलाफ पहला सेट हारने के बाद उन्होंने दूसरा सेट 7-5 से जीता, हालांकि आखिरकार उन्हें 2-6, 7-5, 3-6 से हार का सामना करना पड़ा। अब कोलकाता टूर्नामेंट के फाइनल में उनका मुकाबला इंडोनेशिया की शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी प्रिस्का मेडेलिन नुग्रोहो से होगा, जिस पर टेनिस प्रेमियों की नजरें बनी हुई हैं।