लखनऊ। उत्तर प्रदेश के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में सत्र 2026-2027 के तहत रिक्त सीटों के सापेक्ष पंचम चरण की प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। चतुर्थ चरण के उपरांत बची हुई रिक्त सीटों के लिए पूर्व पंजीकृत अभ्यर्थियों तथा नवीन ऑनलाइन आवेदकों की शैक्षिक अर्हता के अनुसार मेरिट सूची संबंधित राजकीय आईटीआई को उपलब्ध करा दी गई है। इस संबंध में व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास और उद्यमशीलता विभाग के विशेष सचिव एवं राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद (एससीवीटी) के अधिशासी निदेशक अभिषेक सिंह द्वारा विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
विशेष सचिव अभिषेक सिंह ने बताया कि प्रदेश के राजकीय संस्थानों में रिक्त सीटों पर प्रवेश हेतु अभ्यर्थियों से 11 अक्टूबर 2026 तक नवीन विकल्प एवं ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए थे। जनपद स्तरीय चयन प्रक्रिया के अंतर्गत अभ्यर्थी अपने स्थायी (गृह जनपद) अथवा अस्थायी पते से संबंधित जनपद के राजकीय आईटीआई की सीटों में प्रवेश के लिए पात्र होंगे।
प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थी एससीवीटी की आधिकारिक वेबसाइट www.scvtup.in पर जाकर “पंचम चरण के लिए रैंक” लिंक पर क्लिक करें। वहां पूर्व पंजीकृत अथवा नवीन आवेदनकर्ता के विकल्प का चयन करते हुए अपनी पंजीकरण संख्या व जन्मतिथि दर्ज कर रैंक कार्ड प्राप्त करें। अभ्यर्थी अपने रैंक कार्ड का प्रिंट आउट निकालकर उस पर हस्ताक्षर करें और 13 अक्टूबर से 15 अक्टूबर 2026 के मध्य संबंधित जनपद के किसी भी राजकीय संस्थान (विशेषकर नोडल राजकीय आईटीआई) में अनिवार्य रूप से जमा कराएं।