नई दिल्ली: मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर अभिजीत दीपके के नेतृत्व वाली कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) 10 अक्टूबर को दिल्ली में प्रदर्शन की तैयारी कर रही है। इस बीच केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने कहा है कि प्रदर्शन करने के बावजूद ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देंगे। उन्होंने CJP को प्रस्तावित आंदोलन वापस लेने की सलाह भी दी है।
आठवले ने कहा कि ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने की जरूरत नहीं है। उनके मुताबिक, चुनाव आयोग की जिम्मेदारी मतदाता सूची को अपडेट और सही रखना है। उन्होंने दावा किया कि ज्ञानेश कुमार इसी दिशा में काम कर रहे हैं और उनके इस्तीफे की मांग का कोई आधार नहीं है।
10 अक्टूबर के प्रदर्शन पर दी सलाह
रामदास आठवले ने अभिजीत दीपके से 10 अक्टूबर को होने वाले प्रदर्शन को शांतिपूर्ण रखने की अपील की। साथ ही उन्होंने CEC के इस्तीफे की मांग को लेकर आंदोलन नहीं करने की सलाह दी।
आठवले ने कहा कि CJP चाहे कितना भी विरोध कर ले, ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देंगे। उन्होंने संगठन से प्रदर्शन रद्द करने की अपील करते हुए कहा कि चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों पर काम किया जाना चाहिए।
पीएम मोदी पर टिप्पणी को लेकर चेतावनी
केंद्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित आपत्तिजनक भाषा के इस्तेमाल पर भी अभिजीत दीपके को चेतावनी दी। आठवले ने कहा कि दीपके युवा और सक्रिय हैं, लेकिन प्रधानमंत्री के बारे में सम्मानजनक भाषा का इस्तेमाल किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं होने पर उनकी पार्टी भी विरोध प्रदर्शन कर सकती है।
पहले भी दीपके को पार्टी में शामिल होने का ऑफर
रामदास आठवले इससे पहले भी अभिजीत दीपके को अपनी पार्टी रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) में शामिल होने का प्रस्ताव दे चुके हैं। हालांकि, दीपके ने इस प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया।
वहीं, CJP की ओर से 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का ऐलान किया गया है। संगठन की मांगों में ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा, उनके खिलाफ मामला दर्ज करने और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) रोकने की मांग शामिल है। CJP ने चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति की प्रक्रिया को स्वतंत्र और निष्पक्ष बनाने की भी मांग रखी है।