अखिलेश के आगे कांग्रेस ने उतारा अपना ‘PDA’, इमरान मसूद को पद देने से भी भड़की सपा; तकरार हुई तेज!

टॉप -न्यूज़ न्यूज़

2027 के विधानसभा चुनाव से पहले यूपी में मुस्लिम वोट की रेस शुरू हो गई है। एक तरफ अखिलेश यादव हैं, जो मुस्लिम वोट बैंक के सबसे बड़े दावेदार हैं। उधर ओवैसी भी फुल एक्शन में हैं लेकिन अब राहुल गांधी ने भी मुस्लिम बूथ मजबूत करने के लिए बड़ा दांव खेल दिया है।

इमरान मसूद को पद देने पर भड़की सपा

चुनाव से कुछ ही महीने पहले कांग्रेस ने यूपी में अपनी टीम बदल दी, जिसके साथ ही सपा में खलबली मच गई क्योंकि राहुल ने जो टीम बदली, उसमें उन्होंने ऐसे मुस्लिम नेता को पद दे दिया जिससे सपा सबसे ज्यादा चिढ़ती है। राहुल गांधी ने सहारनपुर से सांसद इमरान मसूद को कार्यकारी अध्यक्ष बना दिया है। वही इमरान मसूद को जो आए दिन सीट शेयरिंग को लेकर समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर बयानों के तीर चलाते रहते हैं।

बता दें कि सपा, कांग्रेस से इमरान मसूद जैसे नेताओं पर लगाम लगाने की मांग करती है, लेकिन लगाम लगाने के बजाय कांग्रेस ने इमरान मसूद को यूपी कांग्रेस का वर्किंग प्रेसिडेंट बना दिया। ऐसे में अब समाजवादी पार्टी भड़की हुई है।

सपा सांसद रमाशंकर राजभर का हमला

चुनाव से ठीक पहले सपा और कांग्रेस के बीच टेंशन तेज हो गई है। धर्मेंद्र यादव अपने सांसदों से बात कर रहे हैं। उधर, सलेमपुर से सपा सांसद रमाशंकर राजभर ने इमरान मसूद को पद देने पर सवाल उठाया और कांग्रेस पर हमला किया।

रमाशंकर राजभर कह रहे हैं कि इमरान मसूद के कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष बनने से वो हैरान हैं। इमरान मसूद गठबंधन धर्म के खिलाफ बयानबाजी करते हैं। इसलिए कांग्रेस को उन्हें पद नहीं देना चाहिए था।

अखिलेश के मुकाबले कांग्रेस ने उतारा अपना ‘PDA’

गौरतलब है कि राहुल गांधी ने सिर्फ इमरान मसूद को कार्यकारी अध्यक्ष ही नहीं बनाया, बल्कि यूपी चुनाव में अखिलेश के मुकाबले कांग्रेस का PDA उतार दिया।

कांग्रेस का नया PDA फॉर्मूला

अजय राय को अध्यक्ष पद से हटा दिया गया है। उनकी जगह ब्राह्मण समाज से आने वाली आराधना मिश्रा को अध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा ओबीसी वर्ग के निषाद समाज और दलित समाज के नेताओं को वरिष्ठ उपाध्यक्ष बनाया गया है।

SC समाज से आने वाले राजेंद्र पाल गौतम पहले से ही यूपी प्रभारी हैं। राजेंद्र पाल गौतम कह रहे हैं कि ब्राह्मण, मुस्लिम और दलित कांग्रेस के मेन वोटर हैं। आज ये वर्ग कांग्रेस की तरफ लौट रहा है। सीट बंटवारे पर राजेंद्र गौतम ने फिर दोहराया कि कांग्रेस आधे की हिस्सेदार है।

ओमप्रकाश राजभर ने सपा-कांग्रेस पर कसा तंज

इस बीच, योगी सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने भी सपा-कांग्रेस पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियों को सीएम के लिए मुस्लिम फेस घोषित कर देना चाहिए क्योंकि दोनों ने मुसलमानों का बहुत वोट लिया है।

उधर, सपा ने MLC चुनाव से ठीक पहले अपने 2 प्रत्याशी भी बदल दिए हैं। आकाश अग्रवाल और संजय त्रिपाठी को पार्टी में शामिल करते ही टिकट दे दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *