सीमांचल एक्सप्रेस में मां के पास सो रहा 9 महीने का बच्चा खिड़की से गिरा

उत्तर प्रदेश टॉप -न्यूज़ न्यूज़ प्रदेश

फतेहपुर: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। दिल्ली से बिहार जा रहे एक परिवार का 9 महीने का मासूम बच्चा चलती ट्रेन से नीचे गिर गया। बताया जा रहा है कि बच्चा अपनी मां के साथ ट्रेन की मिडिल बर्थ पर सो रहा था और उसके पास ही इमरजेंसी खिड़की खुली हुई थी। इसी दौरान बच्चा खिड़की से नीचे गिर गया। मां को इसकी भनक तक नहीं लगी। करीब 24 घंटे से ज्यादा चले सर्च ऑपरेशन के बाद मासूम का शव रेलवे ट्रैक के किनारे बरामद किया गया।

परिवार सीमांचल एक्सप्रेस के एस-1 कोच में सफर कर रहा था। उनकी सीट संख्या 61 और 64 बताई गई है। मृतक बच्चे की पहचान 9 महीने के कनिष्क के रूप में हुई है।

मां के साथ सो रहा था मासूम

बिहार के बेगूसराय जिले के रहने वाले मोहन कुमार दिल्ली में एक वकील के यहां मुंशी का काम करते हैं। वह अपनी पत्नी काजल और 9 महीने के बेटे कनिष्क के साथ ट्रेन से अपने गांव लौट रहे थे।

जानकारी के मुताबिक, कानपुर स्टेशन से ट्रेन रवाना होने के बाद करीब सवा तीन बजे काजल ने अपनी सास से फोन पर बात की। इसके बाद वह बच्चे को लेकर मिडिल बर्थ पर सो गईं। बर्थ के ठीक बगल में ट्रेन की इमरजेंसी विंडो खुली हुई थी। इसी दौरान मोहन कुछ देर के लिए सीट से उठकर ट्रेन के गेट की ओर चले गए।

करीब 4:17 बजे जब वह वापस लौटे तो काजल अकेली सो रही थीं और बर्थ पर बच्चा नहीं था। बच्चे को गायब देखकर दंपति के होश उड़ गए। उन्होंने पूरी ट्रेन में बच्चे की तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।

कानपुर से प्रयागराज तक चला सर्च ऑपरेशन

जब ट्रेन में बच्चा नहीं मिला तो परिवार को आशंका हुई कि नींद के दौरान बच्चा खिसककर खुली इमरजेंसी खिड़की से बाहर गिर गया होगा। इसके बाद तत्काल प्रयागराज जीआरपी को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही जीआरपी, आरपीएफ और स्थानीय पुलिस की टीमों ने कानपुर से प्रयागराज के बीच रेलवे ट्रैक के आसपास बड़े स्तर पर तलाशी अभियान शुरू किया। करीब 24 घंटे से अधिक समय तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद शनिवार दोपहर फतेहपुर के फैजुल्लापुर स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक के किनारे मासूम कनिष्क का शव बरामद हुआ।

भिटौरा घाट पर हुआ अंतिम संस्कार

मासूम का शव मिलने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रविवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस सुरक्षा के बीच फतेहपुर के भिटौरा गंगा घाट पर मासूम का अंतिम संस्कार किया गया।

रोती-बिलखती मां काजल ने बताया कि इमरजेंसी खिड़की खुली होने के कारण बच्चा कब सरककर बाहर गिर गया, उन्हें इसका पता ही नहीं चला। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *