योगी आदित्यनाथ की अखिलेश यादव को खुली चुनौती, बोले- अयोध्या से पर्चा भरें, मैं भी उतरूंगा मैदान में

उत्तर प्रदेश टॉप -न्यूज़ न्यूज़ प्रदेश

उत्तर प्रदेश की सियासत में विधानसभा चुनाव से पहले बयानबाजी तेज होती नजर आ रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को खुली चुनौती देते हुए कहा कि अगर उनमें हिम्मत है तो वह अयोध्या से चुनाव लड़कर दिखाएं। योगी ने कहा कि अखिलेश यादव अयोध्या से नामांकन दाखिल करें, इसके बाद वह भी वहां से चुनावी मैदान में उतरने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि फिर पता चल जाएगा कि कौन कितने पानी में है और आगे क्या होगा, यह पूरी दुनिया देखेगी।

 

दरअसल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर में उत्तर प्रदेश की पहली वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय के भूमि पूजन कार्यक्रम में पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने करीब आठ हजार करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया। कार्यक्रम के दौरान अपने संबोधन में योगी ने सपा सरकार पर निशाना साधा और अखिलेश यादव के हालिया बयानों का जवाब दिया।

 

सपा सरकार पर माफिया को बढ़ावा देने का आरोप

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में वानिकी और औद्यानिकी विश्वविद्यालय पहले भी स्थापित हो सकता था, लेकिन पिछली समाजवादी पार्टी सरकार की प्राथमिकताएं अलग थीं। उनके मुताबिक, उस समय सरकार का ध्यान वैज्ञानिक तैयार करने के बजाय माफिया को बढ़ावा देने पर था। योगी ने आरोप लगाया कि तत्कालीन सरकार में वन माफिया, खनन माफिया और पशु माफिया का प्रभाव था।

 

अखिलेश की चुनौती पर योगी का जवाब

 

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि चुनाव नजदीक आते ही अखिलेश यादव बड़े-बड़े वादे कर रहे हैं, लेकिन जनता उनके दावों की हकीकत जानती है। अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि बार-बार बयानबाजी करने से बेहतर है कि एक बार आमने-सामने मुकाबला हो जाए। अखिलेश अयोध्या से पर्चा भरें, वह भी वहां से चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं।

 

राम नाम और मारीच का जिक्र कर साधा निशाना

 

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने राम नाम को लेकर भी अखिलेश यादव पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि सनातनी हर समय राम नाम का स्मरण करते हैं, जबकि कुछ लोगों को अंतिम समय में राम याद आते हैं। योगी ने अखिलेश के राम नाम लेने की तुलना रामायण के पात्र मारीच से करते हुए भी निशाना साधा।

 

ओवैसी और निषाद को लेकर भी दिया संदेश

 

मुख्यमंत्री ने अपने भाषण में असदुद्दीन ओवैसी का भी जिक्र किया। वहीं, निषाद समाज के नेता और मंत्री संजय निषाद को लेकर भी इशारों में टिप्पणी की। उन्होंने दो नावों की सवारी को खतरनाक बताते हुए राजनीतिक संदेश देने की कोशिश की। गौरतलब है कि संजय निषाद हाल ही में अपनी ही सरकार के खिलाफ धरने पर बैठे थे। इसके बाद उनके समाजवादी पार्टी के संपर्क में होने की चर्चाएं भी सामने आई थीं।

 

गोरखपुर के इस कार्यक्रम में विकास परियोजनाओं के साथ-साथ मुख्यमंत्री के राजनीतिक बयानों ने भी प्रदेश की सियासत को गरमा दिया है। खासतौर पर अयोध्या से चुनाव लड़ने को लेकर अखिलेश यादव को दी गई चुनौती अब राजनीतिक चर्चा का विषय बन गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *