फ्लाईदुबई कॉकपिट हमले की UAE ने शुरू की जांच, आतंकी साजिश और बाहरी कनेक्शन के पहलुओं की होगी पड़ताल

टॉप -न्यूज़ न्यूज़ राष्ट्रीय

दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में बुधवार को कॉकपिट के अंदर मुख्य पायलट पर सह-पायलट द्वारा चाकू से हमले की घटना सामने आई थी। घटना के बाद विमान को सऊदी अरब में इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। मामले को गंभीरता से लेते हुए संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के अभियोजक जनरल ने घटना की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं।

UAE ने जांच के आदेश क्यों दिए?

फ्लाईदुबई की विमान UAE में रजिस्टर्ड है और उसी के झंडे के तहत उड़ान भरती है। UAE के अधिकारियों के मुताबिक, राष्ट्रीय कानून के अनुसार विमान में अपराध होने पर UAE का ही कानून लागू होता है, भले ही घटना देश की सीमा के बाहर हुई हो। इसी कानूनी आधार पर मामले की जांच UAE के अधिकार क्षेत्र में की जा रही है।

अब जांच एजेंसियां हमले की पूरी परिस्थितियों, इसके पीछे की वजहों, हमले के मकसद और किसी संभावित बाहरी कनेक्शन का पता लगाने पर ध्यान केंद्रित कर रही हैं।

जांच में किन पहलुओं की होगी पड़ताल?

सरकारी समाचार एजेंसियों के मुताबिक, जांच में निम्नलिखित पहलुओं की गहन पड़ताल की जाएगी:

आतंकवादी साजिश का संबंध: क्या इस घटना का किसी आतंकवादी गतिविधि से संबंध था?

पूर्व योजना: क्या हमले की पहले से योजना बनाई गई थी?

बाहरी निर्देश: क्या किसी व्यक्ति या संगठन ने हमले के लिए निर्देश दिए थे?

हमले का मकसद: सह-पायलट ने ऐसा कदम क्यों उठाया?

ईरान कनेक्शन: क्या इस घटना का ईरान से कोई संभावित कनेक्शन है?

UAE अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी सबूतों का विश्लेषण किया जाएगा।

नेतन्याहू की प्रतिक्रिया: ‘ईरान की भूमिका पर कहना जल्दबाजी’

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी इस घटना पर प्रतिक्रिया दी है। फॉक्स न्यूज को दिए इंटरव्यू में जब उनसे पूछा गया कि क्या हमले के पीछे ईरान का हाथ हो सकता है, तो उन्होंने कहा:

“यह कहना अभी बहुत जल्दबाजी होगी। घटना में शामिल हमलावर पायलट की सऊदी अरब में जांच की जा रही है।”

नेतन्याहू ने कहा कि हमले में शामिल पायलट को फिलहाल सऊदी अरब में हिरासत में लेकर जांच की जा रही है और उसे आगे UAE ले जाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इजरायल इस जांच पर नजर रखेगा और जरूरत पड़ने पर जांच में शामिल भी हो सकता है।

नेतन्याहू ने की भारतीय पायलट की तारीफ

नेतन्याहू ने इस घटना को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि एक बहादुर भारतीय पायलट और सतर्क यात्रियों की वजह से बड़ा हादसा टल गया। उन्होंने कहा कि इन लोगों की मदद से विमान को सुरक्षित तरीके से सऊदी अरब में उतारा जा सका।

नेतन्याहू ने कहा कि अगर विमान को गिराने की कोशिश सफल हो जाती, तो यह ‘एक और 9/11’ जैसा हादसा हो सकता था। बता दें कि कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की तारीफ नेतन्याहू के अलावा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी की है।

क्या हुआ था फ्लाईदुबई की फ्लाइट में?

फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 दुबई से तेल अवीव जा रही थी। उड़ान के दौरान कॉकपिट में मुख्य पायलट पर को-पायलट ने चाकू से हमला किया। रिपोर्ट के मुताबिक, यह हमला विमान को दुर्घटनाग्रस्त करने की कथित कोशिश का हिस्सा था।

स्थिति बिगड़ने के बाद विमान को अपने तय गंतव्य तेल अवीव के बजाय सऊदी अरब में इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। घटना के बाद सऊदी अरब और UAE के अधिकारी मामले की जांच में जुटे हैं। विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित एयरपोर्ट पर उतर गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *