प्राइम वीडियो पर पिछले साल रिलीज हुई ‘दुपहिया’ वेब सीरीज को दर्शकों से खूब प्यार मिला था। अब गजराज राव, रेणुका शहाणे और स्पर्श श्रीवास्तव स्टारर सीरीज का दूसरा सीजन भी ओटीटी प्लेटफॉर्म प्राइम वीडियो पर दस्तक दे चुका है।
पहले सीजन की सफलता के बाद दूसरा सीजन भी उसी सादगी और देसी अंदाज को बनाए रखता है, लेकिन इस बार कहानी में पेपर लीक और 5G टावर जैसे नए मुद्दे जोड़े गए हैं।
कहानी: धड़कपुर में नई मुसीबतें
‘दुपहिया 2’ की कहानी बिहार के काल्पनिक गांव धड़कपुर में सेट है। पहले सीजन में रोशनी की शादी दहेज में मांगी गई मोटरसाइकिल (दुपहिया) के कारण टूट गई थी, जिसके बाद उसने SSC की तैयारी करने का फैसला किया था। दूसरे सीजन में उसी कहानी को आगे बढ़ाया गया है, जहां रोशनी SSC की पढ़ाई में फंसी है और उसके पिता बनवारी लाल झा (गजराज राव) नौकरी गंवाने के बाद आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं।
इसी बीच गांव में 5G नेटवर्क टावर लगाने का प्रस्ताव आता है, जिससे बनवारी लाल की किस्मत चमकने लगती है। लेकिन 5G को लेकर गांव में अफवाहें फैल जाती हैं और फिर से मुसीबतें खड़ी हो जाती हैं। दूसरी तरफ, रोशनी SSC पास करने के लिए अमावस (भुवन अरोड़ा) की मदद लेती है, जिससे कहानी में प्रथम कुमार (दिनेश लाल यादव निरहुआ) की एंट्री होती है।
प्रथम कुमार एक दलाल है, जो पैसे लेकर नकल कराने और पेपर लीक का काम करता है। पुलिस इंस्पेक्टर मिथिलेश (यशपाल शर्मा) को प्रथम के धंधे की भनक लग जाती है, लेकिन प्रथम की ऊंची पहुंच के कारण पुलिस के हाथ बंध जाते हैं। अब एक तरफ 5G टावर को लेकर गांव में भसड़ मची है और दूसरी तरफ पेपर लीक का स्कैंडल, जिनमें बनवारी लाल का परिवार बुरी तरह फंस जाता है।
अभिनय: गजराज राव और स्पर्श श्रीवास्तव का दमदार प्रदर्शन
‘दुपहिया 2’ में कलाकारों का अभिनय पहले सीजन की तरह ही दमदार है। गजराज राव बनवारी लाल झा के किरदार में पूरी तरह ढल गए हैं। रेणुका शहाणे पुष्पलता यादव के किरदार में जबरदस्त लगती हैं। दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ प्रथम कुमार के किरदार में कमाल के लगते हैं।
लेकिन इस सीजन में भी सबसे ज्यादा लाइमलाइट स्पर्श श्रीवास्तव ही लूटते हैं। उनका किरदार ‘भूगोल’ लौंडा नाच (पूर्वांचल का एक पारंपरिक लोक नृत्य और थिएटर रूप) करके पैसे कमाता है, लेकिन पिता उसके पैसों को हाथ नहीं लगाना चाहते। भूगोल हीरो बनने की चाहत रखता है, लेकिन लौंडा नाच की वजह से गांव में बनी उसकी इमेज से परेशान है। स्पर्श श्रीवास्तव ने इस किरदार को इतनी सहजता से निभाया है कि वह दर्शकों के दिलों पर राज कर लेते हैं।
शिवानी रघुवंशी (रोशनी), यशपाल शर्मा (मिथिलेश), भुवन अरोड़ा (अमावस) ने भी अपने किरदारों से पूरा न्याय किया है।
निर्देशन और लेखन: सादगी बरकरार, लेकिन कहानी थोड़ी बिखरी
निर्देशक सोनम नायर ने धड़कपुर की मूल आत्मा को बरकरार रखा है। गांववालों के बीच आत्मीयता और रोजमर्रा की हलचल वैसी ही है जैसी पहले सीजन में देखने को मिली थी। हालांकि, पहले सीजन में जहां कहानी एक ही मुख्य धारा पर केंद्रित थी, वहीं इस सीजन में कई कहानियों को साथ संभालने की कोशिश की गई है।
रोशनी का पेपर लीक वाला ट्रैक, भूगोल की व्यक्तिगत समस्या, पुलिस जांच और 5G मोबाइल टावर जैसी अलग-अलग समस्याओं को साथ-साथ चलाने की कोशिश की गई है। सोनम नायर अलग-अलग सीन को अच्छे से संभालती हैं, लेकिन कई ट्रैक एक साथ चलने के कारण कहानी कुछ जगह बिखरी और धीमी लगती है।
लेखन की बात करें तो राइटर अविनाश द्विवेदी और चिराग गर्ग का काम ही है जो इस सीरीज को और बेहतरीन बनाता है। उनके लिखे हुए डायलॉग, पंच लाइन और स्क्रीनप्ले काफी मजबूत हैं। पिछले सीजन वाला जादू इस सीजन में भी देखने को मिलता है। हालांकि, इसे एक परफेक्ट सीरीज कहना गलत होगा, क्योंकि कुछ जगहों पर ऐसे पल देखने को मिलते हैं जो महत्वहीन लगते हैं।
क्या अच्छा है और क्या नहीं?
अच्छा:
हल्के-फुल्के पल और कॉमेडी पूरे सीजन में बनी रहती है
गांव में हर छोटी-बड़ी समस्या के लिए मोबाइल टावर को जिम्मेदार ठहराना मजेदार आइडिया है
साफ-सुथरी सीरीज, भद्दे मजाक नहीं
मजबूत संवाद और पंच लाइन
गांव की सादगी और आत्मीयता
कमियां:
कहानी की धीमी रफ्तार
कई ट्रैक एक साथ चलने से कहानी कुछ जगह बिखरी लगती है
कुछ महत्वहीन पल
वर्डिक्ट
स्टार रेटिंग: 3/5
‘दुपहिया 2’ अपनी देसी मिट्टी की खुशबू, सहज किरदारों और हल्के-फुल्के हास्य के दम पर दर्शकों को धड़कपुर की दुनिया में दोबारा ले जाती है। इस बार कहानी में 5G टावर, पेपर लीक, पुलिस जांच और पारिवारिक उलझनों जैसे कई मुद्दे जोड़े गए हैं। गजराज राव, स्पर्श श्रीवास्तव, रेणुका शहाणे और दिनेश लाल यादव समेत पूरी कास्ट ने अच्छा काम किया है।
हालांकि कई ट्रैक एक साथ चलने के कारण कहानी कुछ जगह बिखरी और धीमी लगती है। फिर भी साफ-सुथरी कॉमेडी, मजबूत संवाद और गांव की सादगी इसे लॉन्ग वीकेंड के लिए एक मनोरंजक विकल्प बनाती है।
अगर आप इस लॉन्ग वीकेंड में एक बढ़िया शो देखना चाहते हैं, तो ‘दुपहिया 2’ को अपनी वॉच लिस्ट में शामिल कर सकते हैं।