यूपी में बारिश से तबाही, 48 घंटे में 117 मकान ढहे; 15 लोगों की मौत से मचा हड़कंप

उत्तर प्रदेश टॉप -न्यूज़ न्यूज़

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही बारिश अब आफत बनती जा रही है। पिछले 48 घंटे के दौरान प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं के चलते मकान और दीवारें गिरने की घटनाएं सामने आई हैं। प्रशासन के मुताबिक, अलग-अलग हादसों में 117 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं, जबकि बारिश से जुड़े हादसों में 15 लोगों की जान चली गई।

राजधानी लखनऊ में भी बारिश का असर देखने को मिला। पुराने शहर के हुसैनाबाद इलाके में ऐतिहासिक गेट का एक हिस्सा गिर गया। हालांकि, घटना में किसी बड़े नुकसान की जानकारी नहीं है। वहीं कई इलाकों में जलभराव के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

लखीमपुर खीरी में कच्चे मकान की दीवार गिरने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। नीमगांव थाना क्षेत्र के रहमत नगर गांव में शनिवार तड़के हादसा हुआ। मृतकों की पहचान मोहन कश्यप, उनकी पत्नी कविता और छह वर्षीय बेटे अनिल के रूप में हुई है। बताया गया कि हादसे के समय परिवार घर में सो रहा था।

अमेठी और बाराबंकी में भी बारिश के दौरान दीवार गिरने की घटनाओं में दो महिलाओं की मौत हुई है। वहीं बाराबंकी में सड़क किनारे खड़ा पेड़ गिरने से मोटरसाइकिल सवार संजय वर्मा की मौत हो गई। फतेहपुर में करीब 10 कच्चे मकान गिरने की सूचना है। एक हादसे में दो भाई मलबे में दब गए, जिसमें आठ वर्षीय बच्चे की मौत हो गई और उसका बड़ा भाई घायल हो गया।

भारी बारिश का असर यातायात पर भी पड़ा है। उन्नाव में बशीरतगंज टोल प्लाजा के पास गंगा एक्सप्रेसवे पर पानी भर गया, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई।

राहत आयुक्त डॉ. हृषिकेश भास्कर यशोद के अनुसार, प्रदेश के 63 जिलों में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटे में राज्य में सामान्य से 19 गुना अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई। फर्रुखाबाद में सामान्य से 200 गुना और कानपुर नगर में 160 गुना अधिक बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश और तेज हवाओं का अनुमान जताया है। रविवार को भी कई इलाकों में बारिश और गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *