आजमगढ़ में पूजा-पाठ के विवाद में फायरिंग, पत्नी समेत तीन की मौत

अपराध आजमगढ़ उत्तर प्रदेश टॉप -न्यूज़ न्यूज़

उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में पूजा-पाठ को लेकर शुरू हुआ विवाद मंगलवार शाम खूनी वारदात में बदल गया। अहरौला थाना क्षेत्र के शंभूपुर गांव में फायरिंग की घटना में तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में आरोपी की पत्नी और दो पंडित शामिल हैं। घटना के बाद आरोपी अपने तीन बच्चों के साथ घर के अंदर चला गया, जिसके बाद पुलिस ने पूरे मकान को घेर लिया। बाद में पुलिस ने आरोपी और उसके तीनों बच्चों को सकुशल बाहर निकाल लिया।

मौके पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे और घटनास्थल की जांच शुरू की गई। फॉरेंसिक टीम भी मौके से साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस ने आरोपी के लाइसेंसी असलहे को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच की जा रही है।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के मुताबिक, शंभूपुर गांव निवासी अरविंद सिंह के भाई गुड्डू सिंह की करीब दो साल पहले गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद परिवार की ओर से भाई की आत्मा की शांति के लिए नारायणी बली पूजा कराने की बात सामने आई। बताया जा रहा है कि अरविंद सिंह इस पूजा के पक्ष में नहीं था और उसने अपनी पत्नी व मां से पूजा नहीं कराने को कहा था।

इसके बावजूद घर पर पूजा का आयोजन किया गया। बताया जा रहा है कि सोमवार से ही घर में पंडितों की मौजूदगी में पूजा-पाठ चल रहा था। आरोप है कि अरविंद ने सोमवार को पंडितों को अगले दिन घर नहीं आने की चेतावनी भी दी थी।

पंडितों से आधार कार्ड मांगने पर बढ़ा विवाद

मंगलवार शाम करीब छह बजे अरविंद बाजार से अपने घर पहुंचा। उस समय घर में पूजा चल रही थी। आरोप है कि घर में पंडितों को देखकर अरविंद ने उनसे आधार कार्ड दिखाने को कहा। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। उसकी पत्नी से भी कहासुनी हुई।

इसके बाद आरोप है कि अरविंद ने घर में रखी पिस्टल से फायरिंग कर दी। गोली लगने से उसकी पत्नी बबिता सिंह और पूजा कराने आए पंडित महेंद्र पाठक तथा पंडित अखिलेश मिश्रा की मौके पर ही मौत हो गई।

फायरिंग के बाद बच्चों के साथ घर में बंद हुआ आरोपी

घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी और कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची। एसपी डॉ. अनिल कुमार, एसपी ग्रामीण चिराग जैन समेत पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया।

आरोपी अपने तीन बच्चों के साथ घर के अंदर चला गया था। पुलिस ने एहतियात के तौर पर मकान को चारों तरफ से घेर लिया और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कार्रवाई शुरू की। पुलिस की कार्रवाई के बाद आरोपी और उसके तीनों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

फॉरेंसिक टीम जुटा रही साक्ष्य

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके लाइसेंसी असलहे को कब्जे में ले लिया है। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम पहुंची और मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस अब फायरिंग की परिस्थितियों, विवाद की वजह और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। मामले में पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *