लखनऊ: उत्तर प्रदेश में उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग का ‘शुद्ध ही शुभ है’ अभियान लगातार जारी है। अभियान के तहत फास्ट फूड रिटेल चेन और रेस्टोरेंट की जांच के लिए सोमवार को कानपुर नगर, आगरा, गाजियाबाद, प्रयागराज और वाराणसी में विशेष अभियान चलाया गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीमों ने पांच जिलों में बड़े पैमाने पर निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता से जुड़ी गंभीर कमियां सामने आने पर कई प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की गई। विभाग के अनुसार, गंभीर अनियमितताओं के चलते 12 प्रतिष्ठानों और एक फूड कोर्ट का लाइसेंस निलंबित कर खाद्य कारोबार बंद कराया गया है।
180 से ज्यादा फास्ट फूड यूनिट्स की जांच
विभागीय टीमों ने देर शाम तक पांचों जिलों में 180 से अधिक फास्ट फूड रिटेल चेन और रेस्टोरेंट यूनिट्स का निरीक्षण किया। जांच के दौरान नियमों में कमियां मिलने पर 110 से अधिक सुधार सूचनाएं (Improvement Notices) जारी की गईं।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि जहां खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों का गंभीर उल्लंघन पाया जाएगा, वहां सुधार होने तक खाद्य कारोबार संचालित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
पांच जिलों में ऐसे चला जांच अभियान
अधिकारियों के अनुसार, कानपुर नगर में 38 टीमों ने 52 यूनिट्स, आगरा में 21 टीमों ने 38 यूनिट्स, गाजियाबाद में 36 टीमों ने 80 यूनिट्स, प्रयागराज में 15 टीमों ने 30 यूनिट्स और वाराणसी में 20 टीमों ने 40 यूनिट्स का निरीक्षण किया।
सभी जिलों में जांच और आवश्यक कार्रवाई आगे भी जारी रहने की बात विभाग की ओर से कही गई है।
कानपुर के फूड कोर्ट में मिली गंभीर गंदगी
कानपुर नगर में जांच के दौरान कई प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता से जुड़ी गंभीर कमियां सामने आईं। एक मॉल के फूड कोर्ट में खराब हाइजीन और सैनिटरी कंडीशन, अत्यधिक गंदगी, क्षतिग्रस्त दीवारें और खाद्य सामग्री को फर्श पर रखे जाने जैसी स्थिति पाई गई।
स्थिति को गंभीर मानते हुए फूड कोर्ट में संचालित सभी 10 प्रतिष्ठानों को सुधार होने तक बंद रखने की कार्रवाई की गई। इसके अलावा वेज और नॉन-वेज खाद्य पदार्थों के लिए एक ही बर्तनों का इस्तेमाल किए जाने तथा खराब गुणवत्ता का पनीर मिलने पर लाइसेंस निलंबन की संस्तुति की गई।
आगरा में ड्रेनेज सिस्टम चोक मिला
आगरा में एक रेस्टोरेंट के निरीक्षण के दौरान ड्रेनेज सिस्टम चोक मिला। इसके अलावा किचन एरिया में हाइजीन और सैनिटरी कंडीशन भी बेहद खराब पाई गई।
गंभीर कमियों को देखते हुए विभाग ने स्वच्छता और हाइजीन व्यवस्था में सुधार होने तक खाद्य कारोबार बंद रखने की संस्तुति की है।
वाराणसी के कैफे में भी सामने आईं खामियां
वाराणसी में एक कॉफी कैफे के निरीक्षण के दौरान इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी कमियां मिलीं। अधिकारियों के अनुसार, क्षतिग्रस्त फॉल्स सीलिंग के कारण खाद्य पदार्थों के दूषित होने की आशंका थी। इसके अलावा स्टोरेज एरिया में अत्यधिक गंदगी और टॉयलेट में अस्वच्छता भी पाई गई।
विभाग का कहना है कि ‘शुद्ध ही शुभ है’ अभियान के तहत खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता, खाद्य गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।