सूरत से उदयपुर के बीच दौड़ेगी नई वंदे भारत

टॉप -न्यूज़ न्यूज़ व्यापार

नई दिल्ली: देश को जल्द ही एक और नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन मिलने जा रही है। रेलवे बोर्ड ने राजस्थान के उदयपुर सिटी और गुजरात के सूरत के बीच नई वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने को मंजूरी दे दी है। प्रस्तावित ट्रेन का नंबर 26903/26904 होगा। रेलवे की योजना के मुताबिक इस ट्रेन को शारदीय नवरात्रि से पहले या उसके आसपास शुरू किया जा सकता है। इस वर्ष शारदीय नवरात्रि की शुरुआत 11 अक्टूबर से हो रही है।

उदयपुर-आसर्व वंदे भारत सेवा होगी बंद

रेलवे बोर्ड ने 31 अगस्त को सूरत-उदयपुर सिटी वंदे भारत एक्सप्रेस को मंजूरी देने के साथ ही मौजूदा उदयपुर सिटी-आसर्व वंदे भारत एक्सप्रेस को बंद करने की अनुमति भी दी थी। ट्रेन नंबर 26963/26964 वाली यह सेवा इसी वर्ष फरवरी में शुरू की गई थी।

अब रेलवे इसी सेवा के रूट को आगे बढ़ाकर आसर्व से सूरत तक ले जाने की तैयारी में है। नई ट्रेन का संचालन नए नंबर के साथ किया जाएगा। इससे उदयपुर और गुजरात के प्रमुख शहरों के बीच तेज और सुविधाजनक रेल कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है।

13 घंटे की दूरी महज 7 घंटे 30 मिनट में

उदयपुर सिटी और सूरत के बीच करीब 694 किलोमीटर की दूरी है। फिलहाल इस रूट पर उदयपुर सिटी-बांद्रा सुपरफास्ट एक्सप्रेस प्रमुख ट्रेनों में शामिल है, जिसे यह दूरी तय करने में करीब 13 घंटे लगते हैं।

नई वंदे भारत एक्सप्रेस इसी दूरी को करीब 7 घंटे 30 मिनट में पूरा करेगी। इससे दोनों शहरों के बीच यात्रा का समय काफी कम हो जाएगा और राजस्थान तथा गुजरात के बीच कारोबार, पर्यटन और अन्य गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

मंगलवार को छोड़कर छह दिन चलेगी ट्रेन

प्रस्तावित समय-सारिणी के अनुसार ट्रेन नंबर 26903 सूरत से सुबह 6:10 बजे रवाना होकर दोपहर 1:40 बजे उदयपुर सिटी पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 26904 उदयपुर से दोपहर 3:35 बजे चलेगी और रात 11 बजे सूरत पहुंचेगी।

यह ट्रेन मंगलवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन संचालित की जाएगी। रास्ते में दोनों दिशाओं में भरूच, वडोदरा, आणंद, मणिनगर, आसर्वा, हिम्मतनगर, शामलाजी रोड, डूंगरपुर और जावर रेलवे स्टेशनों पर ठहराव प्रस्तावित है।

यात्रियों और पर्यटन को मिलेगा फायदा

सूरत और उदयपुर के बीच सीधी तेज ट्रेन सेवा शुरू होने से यात्रियों को बेहतर विकल्प मिलेगा। उदयपुर राजस्थान का प्रमुख पर्यटन केंद्र है, जबकि सूरत गुजरात का महत्वपूर्ण औद्योगिक और कारोबारी शहर है। ऐसे में नई वंदे भारत एक्सप्रेस दोनों क्षेत्रों के बीच संपर्क को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *