राधाष्टमी 2026: बरसाना में उमड़ेगा आस्था का सैलाब

उत्तर प्रदेश गैलरी टॉप -न्यूज़ न्यूज़ प्रदेश

बरसाना: 19 सितंबर को होने वाले राधाष्टमी पर्व को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के बरसाना पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य और भीड़ नियंत्रण की व्यापक व्यवस्था तैयार की जा रही है। प्रशासन का लक्ष्य श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन कराने के साथ मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखना है।

जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें सभी विभागों को व्यवस्थाएं समय से पूरा करने के निर्देश दिए गए।

सात जोन और 20 सेक्टर में बांटा जाएगा मेला क्षेत्र

अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमरेश कुमार के अनुसार, राधाष्टमी मेले के दौरान बरसाना क्षेत्र को सात जोन और 20 सेक्टर में विभाजित किया जाएगा। श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित रखने और दर्शन की प्रक्रिया को सुचारु बनाने के लिए 38 होल्डिंग एरिया बनाए जाएंगे।

इसके अलावा मेला क्षेत्र में 50 पार्किंग स्थल, छह वॉच टावर और 88 बैरियर लगाए जाएंगे। जल संबंधी किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए 12 गोताखोर और एक नाव भी तैनात रहेगी।

स्वास्थ्य और सुविधाओं पर भी विशेष जोर

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को बरसाना की सड़कों को गड्ढामुक्त कराने और मेले के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के साथ मेला क्षेत्र में सफाई और सजावट पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया है।

श्रद्धालुओं तक जरूरी सूचनाएं पहुंचाने के लिए लगातार घोषणा प्रणाली से अनाउंसमेंट कराया जाएगा। जर्जर भवनों को चिह्नित कर उनके मालिकों को नोटिस देने और जगह-जगह पर्याप्त दिशा-सूचक लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

स्वास्थ्य व्यवस्था के तहत 12 स्वास्थ्य शिविर और मेडिकल टीमें तैनात रहेंगी। बाइक एंबुलेंस के साथ निर्धारित दूरी पर नियमित एंबुलेंस की व्यवस्था भी की जाएगी। श्रद्धालुओं के लिए 35 पानी के टैंकर, 30 मोबाइल शौचालय, 100 लाउडस्पीकर और सात स्थानों पर जूता घर बनाए जाएंगे।

155 CCTV कैमरों से होगी निगरानी

राधाष्टमी मेले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बरसाना में 50 स्थानों पर 155 CCTV कैमरे लगाए जाएंगे। ये कैमरे कस्बे में पहले से लगे 60 और राधारानी मंदिर में मौजूद 32 कैमरों के अतिरिक्त होंगे।

इसके अलावा 27 स्थानों पर 63 अस्थायी CCTV कैमरे भी लगाए जाएंगे। पीली कोठी, श्रीजी गेट और कटारा पार्क समेत सात स्थानों पर स्टैटिक सेट के जरिए भीड़ की निगरानी की जाएगी।

श्रद्धालुओं के लिए 160 बसों की तैयारी

राधाष्टमी को देखते हुए परिवहन निगम ने भी अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। 18 और 19 सितंबर को बरसाना में संभावित भीड़ को देखते हुए निगम करीब 160 बसों के संचालन की तैयारी कर रहा है। इसके अलावा 40 अतिरिक्त बसों को रिजर्व रखा जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने पर परिवहन व्यवस्था प्रभावित न हो।

प्रशासन की तैयारियों को देखते हुए इस बार बरसाना में राधाष्टमी पर्व के दौरान सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विशेष फोकस रहने वाला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *